-खानपान की चीजों की खुद कराइए जांच, अब तक पब्लिक सेक्टर से भेजे गए एक दर्जन से अधिक सैंपल

-आसान होगी मिलावट की जांच, पकड़े जाने पर होगी कठोर कार्रवाई

ALLAHABAD: इस त्यौहार पर बाजार से खरीदी जाने वाली खानपान की चीजों की गुणवत्ता पर खुद परख सकते हैं। इसके लिए आपको खाद्य सुरक्षा विभाग के भरोसे नहीं रहना होगा। बस संबंधित आइटम की सैंपल लेकर उसे विभागीय अधिकारियों को सौंपना होगा। थोड़ी सी फीस जमा करने के बाद बाकी काम विभाग कर लेगा। मिलावटखोरी पकड़ में आने पर संबंधित दुकानदार के खिलाफ खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई होगी।

एक दर्जन से अधिक सैंपल

प्रदेश सरकार की ओर से ग्राहकों के लिए यह सुविधा हाल ही में शुरू की गई है। जिसमें बाजारू खानपान की चीजों में मिलावटखोरों का शक होने पर उसकी ग्राहक खुद जांच करा सकते हैं। इसके लिए उन्हें एक हजार रुपए का चालाना खाद्य सुरक्षा विभाग में जमा कराना होगा। चालीस दिन के भीतर जांच रिपोर्ट भी आ जाएगी। इस सुविधा के शुरू होने के बाद अब तक कामधेनु, एलचिको जैसे शहर के दूसरे बड़े प्रतिष्ठानों ने खुद आगे आते हुए एक दर्जन से अधिक सैंपल जांच के लिए लैब भेजे हैं। इनमें दालचीनी, घी और हींग जैसी वस्तुएं शामिल हैं।

दूध और मसालों पर कड़ी नजर

दीपावली पर खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से दूध से बने आइटम्स और तेल-मसालों पर खास नजर है। जल्द ही इनके खिलाफ अभियान चलाया जाना है। खोवे से बनी मिठाईयों की जांच कर सैंपल भी जांच के लिए भेजे जाने हैं। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि पब्लिक खुद आगे आकर सुविधा का लाभ उठा सकती है।

 

बॉक्स

रसीद लेना जरूरी

हालांकि, इस सुविधा का लाभ लेने के लिए कुछ चीजों का ध्यान भी रखना होगा। मसलन, बाजार से खरीदी जाने वाली चीजों की पक्की रसीद लेना जरूरी है। इसके आधार पर संबंधित दुकानदार के खिलाफ एक्शन लिया जा सकेगा। इसके अलावा कोई लूज वस्तु न खरीदें। पैकिंग का विशेष ख्याल रखना होगा। वैसे भी मार्केट में खुले मसालों को बेचने पर कानूनी रूप से रोक है, फिर भी हल्दी, धनिया, मिर्च वगैरह की खुली बिक्री की जाती है। इनमें मिलावट के अधिक चांसेज होते हैं।

 

वर्जन

लोग इस सुविधा का लाभ ले रहे हैं। शहर के बड़े प्रतिष्ठान अपने यहां आने वाले खाद्य पदार्थो का सैंपल जांच के लिए भेजते हैं। पब्लिक भी जागरुक हो रही है। इससे मिलावटखोरी पर रोक लगाना आसान हो जाएगा।

हरिमोहन श्रीवास्तव, डीओ, खाद्य सुरक्षा विभाग