24 साल का एक लड़का अपने पिता के साथ ट्रेन में जा रहा था। वह लड़का चलती ट्रेन में बड़ी उत्सुकता के साथ खिड़की से बाहर देख रहा था। देखते-देखते वह चिल्लाया- 'पापा, उन पेड़ों को देखो। वह पीछे की ओर जा रहे हैं।‘ उसके पापा उसकी बात सुन उसकी तरफ देखकर मुस्कुरा देते हैं। लड़के की हरकत देख पास बैठे लोग उसकी तरफ देखकर मुस्कुराने लगे। एक सज्जन लड़के के पिता से मुखातिब हुए और कहा कि इतना बड़ा होकर भी बच्चों जैसी हरकतें कर रहा है आप इसे समझाते क्यों नहीं? तभी वह लड़का फिर से चिल्लाया- 'पापा, देखो वह बादल अपने साथ उड़ रहे हैं।‘ लड़के की यह बचकानी हरकत साथ सफर कर रहे लोगों को पसंद नहीं आई।

जब लड़के ने ऐसा करना जारी रखा, तो सफर कर रहे लोगों ने लड़के के पिता से कहा- 'आप अपने बेटे को किसी अच्छे डॉक्टर के पास क्यों नहीं ले जाते?’ लड़के के पिता मुस्कुराए और बोले- 'मैंने यही किया है। हम अभी हॉस्पिटल से ही आ रहे हैं। मेरा बेटा बचपन से अंधा था। आज उसे उसकी आंखें मिल गईं। यह सब कुछ उसके लिए बिल्कुल नई चीज है।‘

पूर्वाग्रह न रखें

फ्रेंड्स, सच यही है कि यहां मौजूद हर एक शख्स की अपनी एक कहानी होती है। किसी को बिना जाने पहचाने, उसके बारे में कुछ भी नहीं कहना चाहिए। जो दिखता है, वह हमेशा होता नहीं और जो होता है, वह हमेशा दिखता नहीं। इसलिए किसी के भी बारे में कोई धारणा बनाने से पहले या पूर्वाग्रह रखने से पहले यह जानना जरूरी है कि उसके पीछे की हकीकत क्या है। अमूमन हम किसी के बारे में तुरंत कोई धारणा बना लेते हैं क्योंकि हम अपनी नजर में खुद को समझदार साबित करना चाहते हैं और इस बात की परवाह नहीं करते कि हमारी सोच का असर सामने वाले पर क्या पड़ेगा। कई बार वर्कप्लेस पर आपकी यह आदत आपको कुछ बड़ा हासिल करने से रोकती है। आप किसी के बारे में तब तक धारणा न बनाएं, जब तक कि आप उसे अच्छी तरह परख न लें, क्योंकि यह आपके लिए ही नुकसानदायक साबित होगा।

काम की बात

1. जो दिखता है, वह हमेशा होता नहीं और जो होता है, वह हमेशा दिखता नहीं है।

2. आप किसी के भी बारे में तब तक धारणा न बनाएं, जब तक कि आप उसे अच्छी तरह परख न लें।

एक सिक्के के दो पहलू, निर्णय लेने से पहले समझें नजरिया, इस कहानी से लें सीख

व्यक्ति की पहचान करने का तरीका क्या है? इस घटना से जानें

 

Spiritual News inextlive from Spiritual News Desk