- सर्विल लेन बनने के बाद शिफ्ट होने थे पौधे, नही रहा विभाग को याद

- गत वर्ष पौधरोपण दिवस पर एक्सटेंशन में रोपे थे 31 हजार पौधे

Meerut । गत वर्ष अगस्त माह में मुख्यमंत्री के पौधरोपण अभियान के तहत जागृति विहार एक्सटेंशन में रोपे गए पौधे खुद आवास विकास की लापरवाही की भेंट चढ़ गए। इन पौधों को जितने जोश के साथ रोपा गया था विभाग ने उतने ही जोश के साथ दो माह पहले सर्विस लेन बनाने के लिए ना सिर्फ उखाड़ भी दिया बल्कि दोबारा उन्हें रोपना तक विभाग भूल गया। हालत यह है कि सर्विस लेन का काम शुरु हुए तीन माह से अधिक का समय बीत चुका है लेकिन पौधे अभी शिफ्ट करना तो दूर विभाग को पौधों की सुध तक नही है। ऐसे में पौधरोपण अभियान में रोपे गए 31 हजार से अधिक पौधे कहां है यह जांच का विषय है।

सर्विस लेन पर रोपे थे पौधे

दरअसल अगस्त माह में मुख्यमंत्री के आदेश के बाद सभी सरकारी विभागों ने अपने अपने क्षेत्र में पौधरोपण किया था। इसके लिए सभी विभाग को अलग अलग टारगेट दिया गया था। इसमें आवास विकास को 31037 पौधे रोपने का टारगेट था। जिसे पूरा करने के लिए आवास विकास ने जागृति विहार एक्सटेंशन योजना संख्या 11 में सड़क किनारे ये पौधे आनन फानन में रोपे। पौधरोपण के तीन माह बाद विभाग को याद आया कि ये पौधे सर्विस लेन पर रोपे गए हैं। दिसंबर माह से सर्विस लेन का काम शुरु होने के बाद पौधे उखाड़ दिए गए।

शिफ्ट करने थे पौधे

अपनी गलती को छुपाने के लिए आवास विकास के आला अधिकारियों ने सर्विस लेन से पौधे उखाड़ कर दूसरी जगह शिफ्ट करने की योजना बना ली लेकिन सर्विस लेन का काम शुरु हुए आज तीन माह से अधिक समय बीत चुका है लेकिन न तो पौधे शिफ्ट हो सके हैं और ना ही पौधों के रखरखाव की विभाग को सही जानकारी है। अब विभाग के आला अधिकारी इन पौधों की सही जानकारी देने से कतरा रहे हैं।

इन सवालों के नहीं जवाब

- सर्विस लेन से पौधों को उखाड़ने की योजना बनाई, लेकिन वे पौधे कहां गए।

- विभाग के मुताबिक पौधे अन्य जगहों पर शिफ्ट हुए, लेकिन वह जगह कौन सी है।

- आखिर इन पौधों को दोबारा कब रोपा जाएगा। इस बात का भी जवाब नहीं

- चार माह तक ये पौधे बिना रोपे कैसे जिंदा रह पाए होंगे।

गुम हुए हजारों पौधे

पौधरोपण के दौरान रोपे 31 हजार पौधों में से करीब 10 हजार से अधिक पौधे सर्विस लेन पर लगे थे जिनका आज कुछ पता नही है। विभाग की मानें तो यह पौधे अन्य जगहों पर शिफ्ट के लिए सुरक्षित रखे गए हैं लेकिन अन्य जगह कौन सी हैं और कब तक शिफ्ट होंगे इसकी विभाग के पास जानकारी नही है। वहीं चार माह तक यह पौधे बिना बोए कैसे जिंदा रहेंगे यह भी विभाग को जानकारी नही है। कुल मिलाकर हजारों की संख्या में पौधों का गुम होना विभाग की लापरवाही को दिखा रहा है।

हमारे डिवीजन ने कोई पौधरोपण नही कराया था। यह दूसरी डिवीजन का काम था। पौधे शिफ्ट होने थे, लेकिन इसकी प्लानिंग भी डिवीजन 8 द्वारा की जानी है।

- प्रमोद सिंह, ईएक्सईएन डिवीजन 5

हमने पौधे रोपे थे लेकिन जहां रोपे गए थे वहां पहले सर्विस लेन प्रस्तावित नही थी। सर्विस लेन पर लगे पौधे शिफ्ट किए जाएंगे अभी पौधे सुरक्षित रखे हुए हैं।

- धर्मवीर सिंह, ईएक्सईएन डिवीजन 8