आगरा। इंडियन क्रिकेट टीम के वेरी वेरी स्पेशल प्लेयर यानी वीवीएस लक्ष्मण ने बुधवार को ताजमहल का दीदार किया। ताजमहल विजिट के दौरान वीवीएस के साथ उनकी वाइफ जीआर शैलजा और दोनों बच्चे भी साथ थे। इस मौके पर उन्हेंने ताजमहल की पच्चीकारी और इतिहास के बारे में जानकारी ली। इतना ही नही इन पलों को यादगार बनाने के लिए पूरे परिवार के साथ डायना सीट पर बैठकर अलग अलग अंदाज में फोटो भी क्लिक कराए।

क्रिकेट के मैदान में प्रतिद्वंद्वी टीम के अपने बल्ले से छक्के छुड़ाने वाले मशहूर भारतीय खिलाड़ी रहे वीवीएस लक्ष्मण संगमरमरी इमारत की खूबसूरती के कायल दिखे। सलामी बल्लेबाज को ताज का दीदार करते देख पर्यटकों ने उन्हें घेर लिया और उनके साथ सेल्फी लेने के लिए उमड़ पड़े। लक्ष्मण ने परिवार सहित ताजमहल भ्रमण के अपने अनुभवों को विजिटर बुक में भी साझा किये। इससे पूर्व मंगलवार को वीवीएस लक्ष्मण ने अपने परिवार के साथ ब्रज धाम की यात्रा की थी। गोवर्धन में उन्होंने अपने पत्नी और बच्चों के साथ गिरिराज महाराज को दूध चढ़ाया। गिरिराज जी के दर्शन करने के बाद वह राधाकुंड जल स्वरूपा राधारानी दर्शन करने के लिए निकल गए। इसके बाद शाम को वृंदावन बांके बिहारी के दर्शन किये।