दस साल से पत्‍‌नी से चल रहा है विवाद, पुलिस में की शिकायत

मौत पर हार्टअटैक की आशंका जताई, सुसाइड का सबूत नहीं

आगरा। थाना हरीपर्वत संजय प्लेस स्थित एचआईजी फ्लैट में पूर्व स्वास्थ्य निदेशक ने सुसाइड कर लिया। सूचना पर पुलिस पहुंच गई। शव बेड पर पड़ा हुआ था। प्रथम दृष्टया पुलिस इसे हार्टअटैक मान रही है। हालांकि सुसाइड का कोई साक्ष्य मौके पर नहीं मिला है। पड़ोसियों ने बताया वह कई दिनों से टेंशन में चल रहे थे।

पत्‍‌नी से अलग रहते थे

एचआईजी 5-6 निवासी 70 वर्षीय डॉ। केसी अग्रवाल चिकित्सा स्वास्थ्य निदेशक के पद से रिटायर थे। पड़ोसियों ने बताया उनकी पत्‍‌नी बीना अग्रवाल पिछले दस साल से उनका विवाद चल रहा है। पत्‍‌नी विवाद के बाद से पुष्पांजलि टॉवर में रह रही हैं। उनकी दो बेटियां हैं। जो मां के पास रहती थीं। दोनों की शादी हो चुकी है। बेटी नेहा अग्रवाल गोरखपुर में रहती है, जबकि बेटी डॉ। पूजा अग्रवाल निजी हॉस्पिटल में प्रैक्टिस कर रही हैं।

घर में मेड काम करती है

पड़ोसियों के मुताबिक डॉ। केसी अग्रवाल पिछले कुछ दिनों से तनाव में चल रहे थे। दस साल से चल रहे विवाद से वे परेशान थे। पड़ोसियों के मुताबिक वह किसी को कभी परेशान नहीं करते थे। सभी से उनका व्यवहार बहुत अच्छा था। घर में सुषमा नाम की मेड काम करती है। एरिया में अन्य घरों में काम करने वाली महिलाओं का कहना था कि डॉ। साहब के लिए सभी लोग हमेशा तैयार रहते थे।

ज्यादा डिस्टर्ब थे

पड़ोसियों के मुताबिक उनकी पत्‍‌नी ने उनकी शिकायत पुलिस में की थी। पत्‍‌नी ने शराब पीकर मारपीट का आरोप लगाया था। तीन-चार दिनों से पुलिस घर पर आ रही थी। इसके बाद से वह काफी परेशान थे। पुलिस के घर पर आने से भी वे परेशान थे। हाल में वह नाई की मंडी क्लीनिक पर बैठते थे। वहां पर वह लोगों का इलाज कर रहे थे।

मेड ने पड़ा देखा शव

गुरुवार सुबह 9 बजे करीब मेड सुषमा आई थी। डॉ। केसी अग्रवाल ने उससे कहा कि 'तुम जाओ मैं सोने जा रहा हूं, डिस्टर्ब मत करना। इसके बाद मेड चली गई'। इसके बाद जब वह दोबारा आई तो वह बैड पर पड़े हुए थे। उसने पास जाकर देखा तो उनकी मौत हो चुकी थी। इसी के बाद पुलिस के पास सुसाइड करने की सूचना पहुंची।

तनाव में तोड़ दिया दम

पुलिस मौके पर पहुंची तो वहां पर सुसाइड का कोई साक्ष्य नहीं मिला। न तो उनके गले पर निशान था और न ही अन्य कोई ऐसा सामान, जिससे सुसाइड का अंदेशा लगे। पड़ोसियों का कहना था वह काफी दिनों से टेंशन में थे। हो सकता है तनाव में उन्हें हार्टअटैक हुआ हो। पुलिस भी उनकी मौत को हादसा मान कर चल रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम के बाद स्थिति क्लियर हो जाएगी।

कराई थी बेटियों की शादी

पड़ोसियों के मुताबिक विवाद के बाद भी उन्होने दोनों बेटियों की शादी कराई थी। चार साल पहले उन्होंने कथा कराई थी। उस दौरान सारा परिवार आया था। पत्‍‌नी यहां पर आती-जाती रहती थी, लेकिन साथ नहीं रहती थी। जानकारी होने पर उनके खंदारी निवासी भतीजे मनीष अग्रवाल, पत्‍‌नी और बेटी पूजा पहुंच गए थे। पत्‍‌नी और बेटी ने विवाद के बाद अलग रहने की बात को स्वीकारा, लेकिन अन्य कोई जानकारी देने से मना कर दिया।

एचआईजी में सभी थे दुखी

डॉ। केसी अग्रवाल की मौत का दु:ख एचआईजी में रहने वाले लोगों को बहुत था। सभी उनके अच्छे व्यवहार की चर्चा कर रहे थे। लोगों का कहना था कि कभी उन्होने किसी का बुरा नहीं किया। किसी के साथ अभद्रता नहीं की। यहां से वे क्लीनिक जाते थे। क्लीनिक से यहां आते थे। वह अधिकतर अकेले रहते थे।