RANCHI: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री ददई दुबे के पुत्र अजय दुबे का सोमवार दोपहर 1.25 बजे मेडिका अस्पताल में निधन हो गया। उन्हें रांची के मेडिका अस्पताल में शनिवार की शाम को भर्ती किया गया था। मेडिका के डॉ। विजय कुमार मिश्रा ने बताया कि शनिवार को अजय दुबे को हार्ट अटैक हुआ था। रात 8.55 बजे मेडिका अस्पताल में भर्ती किया गया था। जब उन्हें लाया गया था तब उनका पल्स और हार्ट दोनों रिस्पांड नहीं कर रहा था। इमरजेंसी में इलाज होने पर हृदय गति फिर से लौटी। बाद में अजय को आइसीयू के वेंटिलेटर पर रखा गया। डॉक्टर के अनुसार अस्पताल में भी इलाज के दौरान उन्हें दो बार हार्ट अटैक आया था।

दहाड़ मार रोने लगे परिजन

मेडिका अस्पताल से अजय दुबे का शव जैसे ही बरियातू स्थित आवास पहुंचा, उनकी पत्नी, बच्चे समेत परिजनों की चीत्कार से माहौल गमगीन हो गया। ददई दुबे भी सूचना पाकर आवास पहुंचे और शव को देखते ही दहाड़ मारकर रोने लगे। परिजन जब तक उन्हें समझाते, वे बेसुध हो चुके थे। अजय दुबे की दोनों बेटियां घंटों पिता के शव के पास ही बैठी रहीं। देखते-देखते आवास में बड़ी संख्या में कांग्रेसी नेता पहुंचे। देर रात शव को पलामू स्थित आवास ले जाया गया।

सुबह में ही फैली मौत की खबर

मेडिका अस्पताल के डॉक्टरों ने अजय दुबे की मौत की पुष्टि दोपहर 1.25 बजे की। हालांकि उनकी मौत की खबर सुबह करीब 11.45 से ही परिजनों के बीच फैल गई। मीडिया में जैसे ही मौत की खबर फैली, सभी परिजन और नेता मेडिका अस्पताल पहुंचने लगे। हालांकि डॉक्टरों ने इसे अफवाह बताया, फिर दोपहर में मौत की पुष्टि की।

अजय के निधन पर शोक की लहर

अजय दुबे के निधन की खबर मिलते ही गढ़वा के मझिआंव क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। अजय दुबे कांग्रेस के टिकट पर दो बार विश्रामपुर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ चुके हैं। उनका पैतृक गांव कांडी थाना क्षेत्र का चौका गांव है। अजय दुबे का शव रात को गांव पहुंचा। अजय दुबे के पिता ददई दुबे को कांग्रेस ने लंबे समय बाद एक बार फिर से चुनाव मैदान में उतारा है।