- घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल में बुलाए गए डॉक्टर

MUNGER/PATNA: समस्तीपुर से देवघर जा रही बस बुधवार की देर संध्या मुंगेर में एनएच 80 पर डकरानाला के समीप डिवाइडर से टकरा कर पलट गई। इस दुर्घटना में 40 कांवरियों के जख्मी हो गए। सभी कांवरिया समस्तीपुर जिला के ¨सघिया थाना क्षेत्र के माही विशनपुर गांव के रहने वाले हैं। बस में 75 लोग सवार थे। जिसमें 40 लोग जख्मी हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया।

डिवाइडर से टकराई बस

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि लखीसराय की ओर से कांवरिया को लेकर जा रही बस डकरानाला के समीप एनएच 80 पर बने डिवाइडर से टकरा गई। इस कारण बस पलट गई। बस पलटते ही अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना सफियासराय ओपी पुलिस को दी। घटना स्थल पर पहुंची पुलिस ने तुरंत घटना की जानकारी वरीय अधिकारियों को दी। वहीं, आसपास के अस्पतालों से एंबुलेंस को बुलाया गया। इसके बाद सभी कांवरियों को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया। वहीं, दुर्घटना की जानकारी के बाद स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट कर दिया गया। सिविल सर्जन के निर्देश पर आधे दर्जन से अधिक चिकित्सक सदर अस्पताल पहुंच गए और जख्मी कांवरियों का उपचार शुरू कर दिया। जख्मी कांवरियों ने बताया कि हमलोग बस देवघर जा रहे थे। मुंगेर की सीमा से पहले हमलोगों ने रूक कर खाना खाया। अधिकांश कांवरिया बस में सो रहे थे। अचानक तेज आवाज हुई और बस पलट गई। हमलोगों को कुछ समझ में नहीं आया।

ये लोग हुए जख्मी

धनंजय सिंह, गणेश साव, शिवजी चौपाल, सकुंती देवी, मंजू देवी, राधे चौपाल, शंभु सिंह, सुनैना देवी, गणेश पासवान, रामप्रसाद पासवान, संजीत पासवान, फोगनी चौपाल, प्रमोद चौपाल, रामउदय चौपाल, निर्मला देवी, नीतीश कुमार, प्रमीला देवी, मंजू देवी सहित 40 लोग जख्मी हुए हैं।