साइबर शातिर ने मजदूर के खाते से एक लाख रुपये किए पार

अब पत्‍‌नी के साथ कलक्ट्रेट में अधिकारियों से लगाई है गुहार

आगरा। थाना शाहगंज आजम पाड़ा में रहने वाले मजदूर के खाते से साइबर अपराधी ने एक के बाद एक रकम पार कर दी। मजदूर शातिर को मैनेजर समझ बार-बार ओटीपी बताता रहा और अकाउंट से रुपया निकलता रहा। इसके बाद किसी परिचित ने उसे बताया तो उसके होश उड़ गए। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

एसबीआई का मैनेजर बताया था

आजमपाड़ा निवासी चांद पुत्र कलुआ जूते के डिब्बे बनाने का काम करता है। उसने बेटी की शादी तय की है। तीन महीने बाद शादी होनी है। उसने किसी तरह अपने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के खाते में डेढ़ लाख रुपया जमा किया जिससे बेटी की शादी सही से कर दे। 24 फरवरी को उसके पास एक कॉल आया जिसने खुद को एसबीआई का मैनेजर बताया।

खाता बंद होने का दिया झांसा

शातिर ने मजदूर से कहा कि तुम्हारा खाता बंद होने वाला है यदि सुचारु रखना चाहते हो तो एटीएम के पीछे 15 अंकों का कोड बता दो। मजूदर ने कोड बता दिया इसके बाद ओटीपी भी पूछ लिया। इसके बाद दो दिन में 15 बार शातिर ने ओटीपी पूछा।

अफसरों के सामने रो पड़े

चांद दूसरे दिन अपने किसी परिचित के पास गया था। उसने बताया कि उसके पास लगातार मैसेज आ रहे हैं। परिचित ने मैसेज पढ़ कर बताया कि वह धोखाधड़ी का शिकार हुआ है। उसने बैंक में पता किया तो उसका एक लाख रुपया 15 बार में निकल गया। ये देखते ही मजदूर के होश उड़ गए। चांद और उसकी पत्‍‌नी शिकायत लेकर कलक्ट्रेट पहुंचे थे। दोनों ने रोते हुए अधिकारियों से मदद की गुहार लगाई है। मामले में छानबीन के निर्देश दिए गए हैं।