- बहनों को टिकट तो मिलेगी लेकिन जीरों बैलेंस की

- नगर विकास विभाग ने दिया है बहनों को तोहफा

आगरा। रक्षाबंधन भाई और बहन के रिश्ते का त्योहार है। अधिकांश बहने अपने भाई के घर जाकर राखी बांधती हैं, ऐसे में भाई बहन के इस पवित्र त्योहार पर नगर विकास विभाग ने बहनों को तोहफा दिया है। उन्हें सिटी बसों में मुफ्त यात्रा करने का मौका दिया गया है। रक्षाबंधन वाले दिन सुबह पांच बजे से लेकर रात नौ बजे तक सिटी बसों में बहनें फ्री में सफर कर सकेंगी।

परिवहन निगम ने अभी नहीं किए निर्देश जारी

आरएम मनोज त्रिवेदी ने बताया कि परिवहन निगम भी रक्षाबंधन के मौके पर बहनों को मुफ्त में सफर करने का मौका देता है। ऐसा पिछले कई वर्षो से होता आया है। नगर विकास विभाग ने तो इसकी घोषणा कर दी है, लेकिन अभी परिवहन निगम ने इसकी घोषणा नहीं की है। हालांकि यह संभव है।

बहनों को मिलेगी टिकट

यात्रा के दौरान बहनों को टिकट तो जरूर मिलेगा, लेकिन जीरो बैलेंस का। टिकट दिए जाने का उद्देश्य ये है कि कितनी बहनों ने रक्षाबंधन वाले दिन सफर किया।

सिटी बसों की संख्या

आगरा में सिटी बसें 170

मथुरा में सिटी बसें 60

14 रूटों पर चलती हैं सिटी बसें

प्रभारी सिटी बस परिचालन आरबीएल शर्मा ने बताया कि आगरा में 14 रूटों पर सिटी बसों का परिचालन होता है। इन सभी रूटों पर चलने वाली सिटी बसों में रक्षाबंधन के दिन बहनों को फ्री में सफर करने का मौका दिया जाएगा।

ये हैं रूट

- भगवान टॉकीज से कैंट

- आगरा से रोहता

- आगरा से पिनाहट

- आगरा से खेरागढ़

- आगरा से बाह

- आगरा से फतेहपुरसीकरी

- आगरा से फतेहाबाद

- आगरा से जगनेर

- आगरा से शमसाबाद

- आगरा से किरावली

सरकार ने यह व्यवस्था कर अच्छा कार्य किया है। इसके साथ सरकार से यह भी मांग है कि रक्षाबंधन के मौके पर बसों की संख्या में इजाफा किया जाना चाहिए।

शिवानी सिंह

सरकार का यह कदम सराहनीय है। हम सभी बहनें सीएम को धन्यवाद देती हैं। इस सुविधा से जो महिलाएं किराए के अभाव में अपने भाई के पास नहीं पहुंच पातीं, वो भी इस त्योहार को मना सकेंगी।

रीनू वर्मा

एक दिन के स्थान पर दो दिन यह सुविधा होती तो और बेहतर होता। कई बार बहनें अपने भाई के यहां पर एक दिन तो रुककर ही आती हैं। उस स्थिति में इसका लाभ नहीं मिल सकेगा।

कीर्ती दुबे

सिटी बसों के अलावा रोडवेज की बसों के अलावा जहां-जहां के लिए निगम की बसें चलतीं हैं, उन सभी में यह सुविधा देनी चाहिए।

प्रेमा सेंगर