RANCHI: राजधानी में रांची नगर निगम के सालों से बंद पड़े डिस्पेंसरी के अच्छे दिन आने वाले हैं। चूंकि रांची नगर निगम ने सभी बंद पड़ी डिस्पेंसरी को चालू करने का निर्णय लिया है। इसके बाद नगर निगम की इन डिस्पेंसरी में मरीजों का इलाज किया जाएगा। साथ ही उन्हें दवाएं भी फ्री में उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे लोगों की जेब पर बोझ कम पड़ेगा। वहीं तत्काल इलाज मिलने से लोगों की बीमारी भी नहीं बढ़ेगी। बताते चलें कि नगर निगम परिषद की बैठक में सभी डिस्पेंसरी को चालू करने पर सहमति मिल गई है।

फ‌र्स्ट ऐड को रिम्स-सदर की दौड़ नहीं

डिस्पेंसरी चालू हो जाने से लोगों को छोटी-मोटी बीमारियों के लिए रिम्स और सदर की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। वहीं एक्सीडेंट की स्थिति में फ‌र्स्ट ऐड की भी सुविधा मिलेगी, जिससे कि घायलों को भी तत्काल इलाज मिल सकेगा। इसका फायदा सिटी के बड़े तबके को मिलेगा।

कांट्रैक्ट पर डॉक्टर्स की बहाली

डिस्पेंसरी के संचालन के लिए डॉक्टर्स की जरूरत होगी। इसके लिए कांट्रैक्ट पर स्पेशलिस्ट डॉक्टर्स को बहाल किया जाएगा, ताकि जहां तक संभव हो मरीजों का इलाज डिस्पेंसरी में कर दिया जाए। इसके बाद भी अगर बीमारी ठीक नहीं होगी तो मरीज को बेहतर इलाज के लिए अन्य हॉस्पिटल्स में रेफर कर दिया जाएगा।

पहाड़ी मंदिर के पास चल रही डिस्पेंसरी

शहर में नगर निगम की कई डिस्पेंसरिज में ताला लगा है। अभी वर्तमान में केवल पहाड़ी मंदिर के पास डिस्पेंसरी चल रही है। जहां आने वाले मरीजों को हल्की-फुल्की दवाएं मिल जाती हैं। लेकिन बेहतर इलाज के लिए अन्य हॉस्पिटल्स में ही जाना पड़ता है।

देवकमल हॉस्पिल भी चलाएगा नगर निगम

डिस्पेंसरी के अलावा नगर निगम ने देवकमल हॉस्पिटल को भी खुद से संचालित करने का निर्णय लिया है। जहां पर नगर निगम के स्टाफ्स और अधिकारियों का इलाज होगा। इसके अलावा सिटी के लोग भी जाकर सभी जगहों पर फ्री में इलाज करा सकेंगे। जबकि प्राइवेट क्लिनिक में डॉक्टर से कंसल्ट करने के लिए भी भारी फीस चुकानी पड़ती है। इसके अलावा दवाएं खरीदने में भी काफी पैसे खर्च हो जाते हैं।