स्कूल-कॉलेजों से लेकर सिटी की वीआईपी कॉलोनी में हो रही छेड़छाड़

दैनिक जागरण के रियल्टी चेक में नहीं दिखा एंटी रोमियो स्क्वॉयड

Meerut। शहर में छेड़छाड़ की घटनाएं लगातार बढ़ रही है मगर इन पर लगाम कस पाने में एंटी रोमियो स्कवॉयड नाकाम साबित हो रहा है। स्कूल-कॉलेज के बाहर और पार्को में लगातार छेड़छाड़ की घटनाएं में पब्लिक ही मनचलों से मोर्चा ले उन्हें पुलिस के हवाले कर रही है।

नहीं पकड़ा एक भी मनचला

शहर के सभी थानों में एंटी रोमियो स्कवॉयड का गठन किया हुआ है। साथ ही सुबह अपने-अपने क्षेत्र के स्कूल-कॉलेजों के बाहर छात्राओं और शिक्षिकाओं के साथ छेड़छाड़ करने वाले मनचलों के खिलाफ अभियान चलाने के निर्देश भी एंटी रोमियो स्कवॉयड को हैं। मगर किसी भी थाने का एंटी रोमियो स्कवायड एक्टिव नहीं है। पिछले एक साल की बात करें तो एंटी रोमियो स्कवायड ने एक भी मनचला नहीं पकड़ा है। पब्लिक ही सड़क पर मनचले को सबक सिखा कर पुलिस के हवाले कर रही है।

शक्ति मोबाइल भी सो रही है

तीन साल पहले स्कूल-कॉलेजों के बाहर छेड़छाड़ की घटनाओं को रोकने के लिए शक्ति मोबाइल बनाई गई थी। जिसे शक्ति के नाम से दो जीप दी गई थी। इसमें एक महिला कांस्टेबल और एक महिला दारोगा की तैनाती की गई थी। शक्ति मोबाइल भी स्कूल-कॉलेजों से गायब है जिसकी वजह से मनचलों में पुलिस का खौफ खत्म हो गया है।

कॉलेजों के बाहर घूमते मिले मनचले

दैनिक जागरण आई नेक्स्ट की टीम ने शहर के ग‌र्ल्स कॉलेजों के बाहर सुरक्षा का जायजा लेने के लिए रियल्टी चैक किया। जिसमें एंटी रोमियो स्क्वॉयड और शक्ति मोबाइल नदारद मिली लेकिन मनचले बदस्तूर घूमते हुए मिले। इस्माईल डिग्री कॉलेज के बाहर छात्राओं की सुरक्षा को लेकर एंटी रोमियो स्क्वॉयड नहीं दिखा। आरजी पीजी कॉलेज और आरजी इंटर कॉलेज के बाहर भी पुलिस फोर्स देखने को नहीं मिली। वेस्ट एंड रोड पर कई स्कूल हैं लेकिन यहां भी छात्राओं और शिक्षिकाओं की सुरक्षा को लेकर किसी तरह की कोई पुलिस सुरक्षा नहीं दिखाई दी।

छेड़छाड़ की प्रमुख घटनाएं

7 अक्टूबर 2019

सिविल लाइन थाना एरिया के साकेत स्थित एक अपार्टमेंट में कक्षा छह की छात्रा के साथ छेड़छाड़ की गई थी। एक आरोपी पर मुकदमा कायम किया गया था।

7 अक्टूबर 2019

परतापुर से एक मनचले ने आठवीं कक्षा की छात्रा के साथ छेड़छाड़ की थी। मनचले ने अपहरण का भी प्रयास किया था।

17 अगस्त 2019

कंकरखेड़ा में छात्रा के साथ छेड़छाड़ की गई थी।

22 जुलाई 2019

एक धार्मिक स्थल पर छात्रा के साथ छेड़छाड़ की गई थी, इसकी वीडियो भी वायरल हुई थी।

11 मई 2019

लालकुर्ती में छेड़छाड़ के विरोध में चाकूबाजी भी हुई थी।

एंटी रोमियो स्क्वॉयड की हमने कुछ दिन पहले मीटिंग की थी। हमने उन्हें सख्ती से कार्रवाई के दिशा-निर्देश दिए थे। सभी स्कूल-कॉलेजों के बाहर एंटी रोमियो स्क्वॉयड को लगाया जाएगा।

अखिलेश नारायण सिंह, एसपी सिटी