-गणपति बप्पा मोरया अगले वर्ष तू जल्दी आ के जयघोष के साथ हुआ विसर्जन

- मराठा बुलियन एसोसिएशन की तरफ से निकाली गई शोभायात्रा में महाराष्ट्र का बैंड बना आकर्षण का केंद्र

बरेली: गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आना पर झूमते भक्त। चारों तरफ उड़ता गुलाल मौका था गणेश महोत्सव के उपलक्ष्य में संडे को गणेश प्रतिमा विसर्जन शोभायात्रा का। संडे को शहर की कई समितियों ने गणेश प्रतिमा का विसर्जन किया। इससे पहले सुबह को हवन पूजन हुआ और उसके बाद धूमधाम से शोभायात्रा निकाली गई। जिसमें सैकड़ों की संख्या में लोग गणपति बप्पा के भजनों पर झूमते हुए जा रहे थे। सात दिवसीय गणेश महोत्सव की प्रतिमा का संडे को विसर्जन कर दिया गया जबकि 11 दिवसीय गणपति बप्पा का 12 सितम्बर को विसर्जन होगा।

महाराष्ट्र से आए थे गोविंदा

आलमगीरीगंज में मराठा बुलियन एसोसिएशन की तरफ से गणेश प्रतिमा विसर्जन संडे को किया गया। सुबह को गणेश दरबार में हवन पूजन कर देश की समृद्धि की कामना की। सुबह 10 बजे गणपति बप्पा की विसर्जन महाआरती का आयोजन किया गया। इसके बाद मठकी चौकी के तिराहे पर मटकी फोड़ का आयोजन किया गया। शोभा यात्रा में दही हांडी का भी आयोजन हुआ। मटकी फोड़ फोड़ने के लिए गोविंदा महाराष्ट्र की टीम सांगली से आई। जिसने पिरामिड बनाकर मटकी को तोड़ा।

झांझपथक बैंड आकषर्ण का केन्द्र

शोभायात्रा के लिए महाराष्ट्र से 80 लोगों का बैंड आकर्षण का केंद्र बना। महाराष्ट्र के बैंड की झांझपथक की धुन पर लोग शोभायात्रा में झूमने लगे। इस मौके पर कई जगहों पर मटकी फोड़ प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। जिसमें विजयी टोलियों को पुरस्कार भी दिया गया। शहर में भ्रमण के बाद देर शाम शोभायात्रा रामगंगा पर पहुंची। जहां विधि विधान से प्रतिमा का विसर्जन किया गया।

सुरक्षा के थे कड़े इंतजाम

रामगंगा तट पर गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए प्रशासन की तरफ से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। सात महिला पुलिस कर्मी और दो दर्जन पुलिस कर्मी, दो अवर अभियंता के साथ पांच कर्मी, 13 गोताखोर और पांच नाव को भी लगाया गया था। एसडीएम सदर अमरेश कुमार सिंह ने भी मौके का निरीक्षण किया।

=====================

बिहारीपुर और कटरा से निकली शोभायात्रा

बिहारीपुर दरगईया गली स्थित शिव शक्ति दुर्गा धाम मंदिर से भी गणेश शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा का शुभारंभ पूर्व मेयर कुंवर सुभाष पटेल ने किया। इस मौके पर अमित अरोरा, नीरज टंडन, राजीव रस्तोगी, नितिन मेहरोत्रा, गौरव टंडन, राकेश विसारिया और लवी साहनी आदि मौजूद रहे। शोभायात्रा कटरा मानराय बड़ा बाजार साहूकारा होते हुए रामगंगा पर पहुंची। इस मौके पर कुक्कू सक्सेना, प्रदीप सिंघल, राजू सिंघल, अमोल अग्रवाल, विकास गुप्ता, राजेश सक्सेना और विशाल श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।