गोरखनाथ एरिया से अपहरण करके होटल में युवती का गैंग रेप करने का एक आरोपी पुलिस की पकड़ से दूर है। एक हफ्ते बाद भी पुलिस उसे गिरफ्तार नहीं कर सकी है। बुधवार को कोर्ट में बयान के बाद उसे अस्पताल से भी छुट्टी मिल गई थी। पीडि़त को साथ लेकर परिजन घर चले गए। सुरक्षा के लिए पुलिस फोर्स को भी उसके घर पर तैनात किया गया है। मामले के विवेचक सीओ गोरखनाथ प्रवीण सिंह प्रकरण की छानबीन में जुटे हैं। यहां बता दें कि 14 फरवरी की रात करीब साढ़े नौ बजे जिला अस्पताल में शाहपुर की एक युवती को एडमिट कराया गया। उसने आरोप लगाया था कि वह गोरखनाथ एरिया में सोनौली हाइवे पर पैदल आ रही थी। तभी बाइक सवार दो लोगों ने अपहरण कर लिया। पुलिस वालों की तरफ रौंब जमाते हुए उसे होटल के कमरे में ले गए। स्टेशन रोड के होटल में उसके साथ गैंग रेप किया। वर्दी वालों के घटना में शामिल होने की जानकारी मिलते ही पुलिस एक्टिव हो गई। सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल सर्विलांस और अन्य सबूतों के आधार पर पुलिस ने एक आरोपित को अरेस्ट किया। बलिया जिले के खेजुरी, अजनेरा निवासी आरोपित आलोक सिंह शाहपुर एरिया में किराए के मकान में फैमिली संग रहता था। वह एक दवा कंपनी में एमआर है। घटना के दिन वह अपने एरिया मैनेजर के साथ बरगदवां घूमने गया था। लौटते समय दोनों ने अकेली युवती को पाकर अपहरण कर लिया।