- लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, 16 विधानसभा अध्यक्ष और नौ उपाध्यक्षों ने की गंगा आरती

- सामूहिक दीपदान कर की देश की खुशहाली और विश्व शांति की कामना

RISHIKESH: विधायी निकायों के पीठासीन अधिकारी मां गंगा का सानिध्य पाकर अभिभूत हुए। वे त्रिवेणी घाट पर गंगा आरती में शामिल हुए और गंगा मैया का पूजन किया। साथ ही सामूहिक रूप से दीपदान कर देश की खुशहाली और विश्व शांति की कामना की। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने अतिथि पंजिका में अपनी भावनाएं इन शब्दों के साथ व्यक्त कीं कि 'गंगा माता की आरती की भव्यता अद्भुत थी, मेरी बधाई'।

मंदिरों के किए दर्शन

देहरादून में दो दिनों तक चले पीठासीन अधिकारियों के सम्मेलन में भाग लेने आए 16 विधानसभा अध्यक्ष और नौ उपाध्यक्ष लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की अगुआई में गुरुवार शाम ऋषिकेश पहुंचे। यहां वे त्रिवेणी घाट पर गंगा आरती में शामिल हुए। आरती से पहले उन्होंने गंगा मैया की विधि-विधान से पूजा की और भरत माता मंदिर के दर्शन किए। पीठासीन अधिकारियों के सम्मान में यहां सांस्कृतिक आयोजन भी किया गया। नंदा राजजात यात्रा पर आधारित प्रस्तुतियों ने उन्हें मंत्रमुग्ध किया। योगाचार्य लक्ष्मीनारायण जोशी के मार्गदर्शन में योग साधकों ने विभिन्न योगासन और क्रियाओं का प्रदर्शन कर अतिथियों को योग के लिए प्रेरित किया। भजन गायक पवन गोदियाल, कविता गोदियाल और विजेंद्र वर्मा ने माहौल को भक्तिमय बनाया। इससे पहले उत्तराखंड विधानसभा के अध्यक्ष प्रेमचंद्र अग्रवाल और नगर निगम की महापौर अनीता ममगाईं, श्री गंगा सभा के अध्यक्ष चंद्रशेखर शर्मा ने पीठासीन अधिकारियों का स्वागत किया। ऋषिकेश जाते वक्त डोईवाला स्थित आशीर्वाद वाटिका में भी अतिथियों का स्वागत किया गया।