- जिला प्रशासन की रोक के बावजूद गंगा में चल रहीं नौकाएं

- छोटी-बड़ी नावों से ढोए जा सैलानी, नाविक मुनाफे के चक्कर में दांव पर लगा रहे जिंदगी

पश्चिम यूपी के अलावा पहाड़ी क्षेत्रों में भारी बारिश के कारण गंगा इन दिनों बढ़ाव पर है। लहरों के रौद्र रूप को देखकर जिला प्रशासन ने नौकाओं के संचालन पर पूरी तरह से पाबंदी लगा दी है। मगर थोड़े मुनाफे के चक्कर में नाविक अपनी और नावों की सवारी करने वालों की जान से खेल रहे हैं। रोक के बावजूद गंगा में धड़ल्ले से नौकाओं का संचालन हो रहा है। यह सबको दिख रहा है मगर पुलिस व प्रशासन की आंखों पर पट्टी बंधी है।

नौका विहार का क्रेज

देश-विदेश से आने वाले बनारस आने वाले पर्यटकों में गंगा में नौका विहार करते हुए सुबह-ए-बनारस और घाटों का भव्य नजारा देखने का जबरदस्त क्रेज रहता है। इसके लिए वो किसी भी तरह का रिस्क लेने को तैयार रहते हैं। इसी क्रेज का फायदा नाविक उठा रहे हैं। बाढ़ में नौका संचालन पर रोक के बावजूद कुछ छोटी-बड़ी नावों में लोगों को बिठाकर गंगा में घुमा रहे हैं। दूरदराज से आने वाले श्रद्धालु भी गंगाजल के स्पर्श के बिना लौटना नहीं चाहते। इसे भी बखूबी भुनाया जा रहा है और गंगा में नौकाओं का संचालन धड़ल्ले से जारी है।