RANCHI: धुर्वा थाना क्षेत्र के जगन्नाथपुर मंदिर के पीछे तालाब के पास एक 18 वर्षीया कॉलेज छात्रा के साथ आठ युवकों ने रेप किया था। मामले में सोमवार को विक्टिम कॉलेज की छात्रा ने बयान दिया है कि वो घटना के पूर्व अपने कॉलेज के दोस्त से मिलने जगन्नाथपुर इलाके में गई थी। वहां दोनों तालाब के किनारे रोड पर टहल रहे थे। इसी क्रम में सात-आठ युवकों का जत्था आया। सभी शराब के नशे में थे। उनलोगों ने छेड़खानी की, जब उसके कॉलेज फ्रेंड ने विरोध किया तो मारपीट कर उसे भगा दिया। इसके बाद सभी ने बारी-बारी से दुष्कर्म किया।

क्या है मामला

इस बाबत पीडि़त छात्रा के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। धुर्वा इंस्पेक्टर ने बताया कि लड़की अपने प्रेमी संग जगन्नाथपुर मंदिर के पास घूम रही थी। इस दौरान मंदिर से कुछ दूरी पर ही आठ युवक शराब पी रहे थे। लड़का-लड़की को अकेला देख शराब के नशे में धुत युवकों ने पहले लड़के को मारपीट कर भगाया, इसके बाद लड़की के साथ सभी ने बारी-बारी से दुष्कर्म किया। लड़की के चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास की महिलाओं ने मामले की जानकारी देर रात धुर्वा पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस ने हटिया डीएसपी के नेतृत्व में छापेमारी कर सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। सोमवार को उन आरोपियों को पुलिस ने न्यायिक हिरासत में पेश कर जेल भेज दिया। सभी जगन्नाथपुर मंदिर स्थित नीचे बस्ती के रहनेवाले हैं। पीडि़ता को देर रात इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उसका इलाज चल रहा है।

खूंटी से पहुंचे परिजन

पुलिस ने रात में ही खूंटी के लोदमा क्षेत्र की रहने वाली विक्टिम छात्रा के परिजनों और रांची में उसके कॉलेज में घटना की जानकारी दे दी गई है। परिजन रांची पहुंच गए हैं।