LUCKNOW : आजादी की पूर्व संध्या पर गंजिंग कार्निवाल की जय हो थीम पर शहर वासियों ने जमकर डांस किया। बारिश के बीच लोगों में उत्साह कम नहीं हुआ। सुखविंदर का कार्यक्रम तय समय से लगभग एक घंटा बाद शुरु हुआ उस बीच लोग बारिश में भीगते रहे। पूरा हजरतगंज आजादी के जश्न में डूबा नजर आया। चारों तरफ तिरंगे के रंग की सजावट ने चार चांद लगा दिये। कार्यक्रम के मुख्यतिथि के तौर पर मंडलायुक्त अनूप चंद पांडे उपस्थित रहे। पूरी तरह आजादी के रंग में डूबा गंजिंग कार्निवाल में लोगों का जोश भी देखने को मिला। भारत माता की जय और वंदे मातरम की गूंज से पूरा गंज देशभक्ति से सराबोर हो गया। देशभक्ति के रंग में रंगे गंजिंग कार्निवाल के दौरान पीयुष और प्रीति ने कथक को फ्यूजन के साथ पेश करके खूब तालियां बटोरी। रेवोलयूशनरी राइजर्स डांस की प्रस्तुति को जमकर सराहा।

शहीदों का सम्मान

गंजिंग कार्निवाल में देश के लिए जान देने वाले शहीदों के परिवार वालों को सम्मानित किया गया। शहीद देवेन्द्र प्रताप सिंह, शहीद हर्षवर्धन सिंह, शहीद राकेश कुमार सिंह, शहीद नरेन्द्र कुमार तिवारी, शहीद अजय कुमार सिंह, शहीद हरी सिंह बिष्ट, शहीद टिंकू कुमार, अमर शहीद राजा सिंह, शहीद सुनील जंग, सिपाही राजबीर सिंह और शहीद मनोज कुमार पाण्डेय के परिजनों को सम्मानित किया गया। इसके अलावा स्वतंत्रता संग्राम सेनानी देवेंद्र प्रसाद बाजपेई, राम सरन मित्तल व मोहम्मद साबिर को भी सम्मानित किया गया।

सुखविंदर सिंह का जलवा

सरफरोशी की तमन्ना के साथ बालीवुड गायक सुखविंदर सिंह ने गंजिंग कार्निवाल में लोगों को खूब डांस करवाया। कार्निवाल में बारिश के बीच आये सुखविंदर ने अपनी आवाज का जादू बिखेरा सरफरोशी की तमन्ना से उन्होंने गंजिंग कार्निवाल की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने जलवा फैशन का जलवा, चल छइयां छइयां गाकर लोगों का झूमने पर मजबूर कर दिया। इसके बाद उन्होंने रे सुल्तान, जय हो , चक दे गाने गाकर आजादी के जश्न को दोगुना कर दिया। सिंगर माधवी ने भी बालीवुड गाने गाकर लोगों का मनोरंजन किया।