JAMSHEDPUR: त्योहार के मौसम में भी लौहनगरी में साफ-सफाई नहीं दिख रही है। बताते चले कि शहर के विभिन्न इलाकों में नियमित उठाव नहीं होने और डस्टबिन हटाये जाने के कारण पूरे शहर में गंदगी का आलम है। दैनिक जागरण आईनेक्स्ट और रेडियो सिटी 91.1 ने मिलकर शहर के लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से 'बिन में फेंक अभियान' चला रहा है। अभियान के 8वें दिन गुरुवार को शहर के विभिन्न इलाके के लोगों ने व्हाट्सएप के जरिये अपने इलाके में फैली गंदगी के बारे में अवगत कराया। स्टील सिटी के लोगों से अपील है कि अगर आपके इलाके में कहीं पर कूड़ा पड़ा हो हमें फोटो और नाम से साथ भेजे।

1. मानगो-डिमना रोड

शहर के मानगो डिमना रोड में डरभंगा डेरी के सामने सड़क किनारे कूड़ा जमा है। यहां हरिहरनाथ और दरभंगा डेयरी रोड में रहनेवाले लोग घरों का कूड़ा फेकते हैं। लोगों को मना किया जो वह मानने को तैयार नहीं हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि वे गंदगी से आजिज हैं। यहां कभी भी गलियों में झाड़ू तक नहीं लगती है।

गली के साथ ही सड़क का वहीं हाल है। कोई सुनने वाला भी तो नहीं है। सड़क में कूड़ा डालने की हजारों बार शिकायत की गई, लेकिन अभी तक कोई भी सॉल्यूशन नहीं निकला है।

राजकुमार, दरभंगा डेयरी, मानगो

2. जी टाउन एरिया

शहर में गंदगी के लिए पब्लिक और शहर की व्यवस्था दोनों ही जिम्मेदार हैं। इससे पूरा शहर गंदगी का ढेर बनता चला जा रहा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि जुस्को एरिया होने के कारण कभी साफ-सफाई की इतनी समस्या नहीं है। बाजार से निकलने वाले लोग गंदगी को सड़क किनारे ही फेंक देते हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि कूड़ादान हटाने की वजह से लोग इधर-उधर कूड़ा फेंक देते हैं। इससे इलाकों में गंदगी का अंबार है।

जुस्को एरिया होने के कारण सफाई रहती है, लेकिन आए दिन लोग गली में नाली किनारे कूड़ा फेंक कर चले जाते हैं। जिससे कूड़ा उड़कर इधर-उधर फैलता है। शहर को साफ बनाने के महज वादे ही दिख रहे हैं, लेकिन कुछ काम नहीं दिख रहा है।

बापी बर्मन, जी टाउन, बिष्टुपुर

3. साकची टीवी हॉस्पिटल के पास

शहर के जेएनएसी क्षेत्र साकची टीवी हॉस्पिटल के सामने ही गंदगी का अंबार लगा हुआ है। टीवी रोग के प्रभारी डॉ साहिर पाल ने बताया कि कई बार इसे हटाने के लिए जेएनएसी अधिकारियों को लिखा जा चुका है, लेकिन कोई कुछ करने के लिए तैयार नहीं है। यहां पर गंदगी होने पर पूरे दिन गंदे जानवरों का जमवाड़ा लगा रहता है। अस्पातल में आने वाले लोगों को भी गंदगी का सामना करना पड़ता है।

टीवी अस्पताल के सामने इस तरह की गंदगी होना शर्मनाक है। अगर हम अपने अस्पतालों को ही साफ-सफाई नहीं दे पाएंगे तो कैसे शहर को साफ रख पाएंगे। अस्पताल के सामने इस तरह की गंदगी होने से जेएनएसी अधिकारियों को शर्म आनी चाहिये।

उपेंद्र परमार, साकची

4. खड़ंगाझार बाजार

शहर का टेल्को से सटा इलाका खडं़गाझार में गंदगी का अंबार है। फेस्टिव सीजन में शहर की साफ-सफाई न होने से पूरे शहर की गलियां गंदी हैं। कूड़ा का उठाव नियमित न होने से लोग आग लगाकर जला देते हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि चौराहे पर कूड़ा होने से वहां से निकलने वाले लोगों को दुर्गध का सामना करना पड़ता है।

क्षेत्र के साथ ही कमोबेश पूरे शहर की यही स्थिति है। डस्टबिन नहीं होने के कारण लोग इधर-उधर कूड़ा फेंक देते हैं। जेएनएसी अधिकारियों को चाहिये कि क्षेत्र में बकेट और डस्टबिन दोनों ही लगाये जाएं, जिससे लोगों को इसका लाभ मिल सके।

माया देवी, खड़ंगाझार टेल्को