JAMSHEDPUR: दिवाली का त्यौहार सिर पर है, लेकिन लौहनगरी में साफ-सफाई की सही व्यवस्था नहीं दिख रही है। शहर के सभी इलाकों में कूड़े का ढेर है। शहर के विभिन्न इलाकों में नियमित उठाव नहीं होने और डस्टबिन हटाये जाने से पूरे शहर में गंदगी पसरी पड़ी है। दैनिक जागरण आई नेक्स्ट और रेडियो सिटी 91.1 ने मिलकर शहर के लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से 'बिन में फेंक अभियान' चला रहा है। अभियान के 10वें दिन रविवार को शहर के विभिन्न इलाके के लोगों ने हमें व्हाट्सएप के जरिए अपने इलाके में फैली गंदगी के बारे में अवगत कराया। क्या है शहर की गंदगी का हाल, आइए जानते हैं

मानगो मून सिटी

मानगो मूनसिटी के पास मेन रोड पर कूड़ा फेंका जा रहा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि घर-घर कूड़ा उठाव तो किया जा रहा है, लेकिन यह नियमित नहीं होने के कारण लोग सड़क और खाली जगह पर कूड़ा फेंक रहे हैं। इससे गलियों में कूड़ा फैल रहा है। जेएनएसी के तुलना में यहां बकेट और डस्टबिन रखो गये, लेकिन उन्हें सही जगह में रखा जाना चाहिये।

रविवार के दिन एरिया और नर्क हो जाता है। कूड़ा फेंकने के लिए लोग जिम्मेदार हैं, लेकिन लोगों के पास आप्शन नहीं है। लोग कूड़ा कहां फेंके, जिसके चलते लोग खाली प्लाट और सड़क पर कूड़ा फेंक रहे हैं।

चंद्रदीप कुमार, मानगो

जुगसलाई बाजार

जुगसलाई नगर पालिका में भी साफ-सफाई का हाल बेहाल है। इलाके में हो रही गंदगी के लिए प्रशासन और पब्लिक दोनों ही जिम्मेदार है। स्थानीय लोगों ने बताया कि छोटे से क्षेत्र में भी साफ-सफाई का बड़ा खराब आलम है। शहर के टाटानगर स्टेशन के आस-पास ही सफाई नहीं रहती है।

इलाके में गंदगी का आलम यह है, लेकिन प्रशासन अपनी पीठ ठोकने में लगा है। सच्चाई लोगों के सामने है। तीनों नगर निकाय का यही हाल है। कंपनी इलाके को छोड़ दें तो शहर में कहीं पर भी आपको सफाई नहीं मिलेगी।

तरुण, जुगसलाई

साकची शीतला मंदिर

साकची के शीतला मंदिर के पास चौराहे पर कूड़े का ढेर लगा हुआ है। स्थानीय लोगों ने बताया कि शहर का दिल कहे जाने वाले साकची में गंदगी का ढेर ॉहै। क्षेत्र से डस्टबिन हटाये जाने से लोग इधर-उधर कूड़ा फेंक रहे हैं। यहां पर गंदगी होने पर पूरे दिन गंदे जानवरों का जमवाड़ा लगा रहता है।

जेएनएसी की लापरवाही है। पूरे शहर में गंदगी का अंबार है। शहर में मेडिकल कॉलोनी में रहने वाले लोग गंदगी में ही रहने के लिए मजबूर हैं। जेएनएसी के अधिकारियों का शहर में साफ-सफाई के प्रति कोई ध्यान नहंीं है।

जितेंद्र, साकची

करनडीह

करनडीह इलाके में गंदगी का ढेर है। फेस्टिव सीजन में शहर की साफ सफाई न होने से पूरे शहर की गलियां गंदी पड़ी हैं। कूड़ा का उठाव नियमित नहीं होने से लोग आग लगाकर इन्हें जला देते हैं। जब सभ्य लोग ही इस तरह गंदगी फैलाते है, तो दूसरों को क्या कहा जा सकता है। इस तरह गंदगी फैलाना शहर के लोगों के लिए शर्मनाक है।

पंचायत क्षेत्र में सफाई का यही आलम है। कोई देखने-सुनने वाला नहीं है। लोग तालाब और खाली प्लाट में गंदगी फेंक रहे हैं। डस्टबिन नहीं होने की वजह से लोग इधर-उधर कूड़ा फेंक रहे हैं।

अजहर, करनडीह