JAMSHEDPUR: जमशेदपुर में सफाई के नाम पर अरबों रुपए बर्बाद होने के बाद भी शहर में गंदगी का अंबार लगा है। कंपनी एरिया में तो स्थिति थोड़ी ठीक है, लेकिन नन कंपनी एरिया कूड़े-कचरे का ढेर बन गया है। बुधवार को बिष्टुपुर और साकची में ही सड़क किनारे कूड़ा पड़ा मिला। दैनिक जागरण आई नेक्स्ट और रेडियो सिटी 91.1 मिलकर शहर के लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से 'बिन में फेंक' अभियान चला रहा है। अभियान के अंतिम दिन बुधवार को शहर के विभिन्न इलाके के लोगों ने व्हाट्सएप के जरिए अपने इलाके की सफाई व्यवस्था की तस्वीरें भेजी। क्या है शहर में साफ-सफाई का हाल, आइए जानते हैं

मानगो पोस्ट ऑफिस रोड

मानगो नगर निगम द्वारा नियमित कूड़ा नहीं उठने से पूरे मानगो में सड़क किनारे और पोस्ट ऑफिस रोड में बने पार्क में कूड़े का ढेर लग चुका है। स्थानीय लोगों ने बताया कि सड़कों पर लगे बकेट को नगर निगम ने हटा दिया है। मानगो नगर निगम के सफाईकर्मी तीन से चार दिन तक कूड़ा लेने नहीं आते है, जिससे गैरजिम्मेदार लोग पार्क में ही कूड़ा फेंक देते हैं।

पूरे मानगो में गंदगी रहती है। दुकान के सामने ही कूड़े का ढेर लगा रहता है। अब लोग जहां पर रहे हैं, वहां कूड़ा डाल दे रहे हैं। इसी कारण बीमारियां हो रही हैं। समाज के लोगों को सबसे अधिक जागरूक करने की जरूरत है।

पायल रुस्तगी, मानगो

साकची में स्ट्रेट माइल रोड

शहर में गंदगी से कोई भी क्षेत्र अछूता नहीं है। साकची के स्ट्रेट माइल रोड में एक घर के बाहर कूड़ा पड़ा मिला। स्थानीय लोगों ने बताया कि यहां पर जुस्को की टीम घर से कूड़ा ले जाती है। कूड़े के कलेक्शन के लिए कुछ स्थान पर और बकेट लगाने की जरूरत है।

हर चीज के लिए आप सरकार और व्यवस्था को दोषी नहीं बना सकते हैं। कूड़ा इधर-उधर नहीं डालें, उसे डस्टबिन या बकेट में ही डालें। अगर दूर हो तो भी बकेट में डाले। अगर हर दिन पॉसिबल न हो तो आप दो दिन में भी डाल सकते हैं।

छोटू गुप्ता, साकची

आदित्यपुर में सड़क किनारे प्लाट में जमा कूड़ा

आदित्यपुर नगर निगम में अभी तक डंपिंग स्टेशन नहीं बना पाया है। इसका परिणाम यह है कि नगर निगम से निकलने वाले कूड़े को खरकई नदी के तट पर एकत्र किया जा रहा है। अभी हॉल ही में लोगों ने नदी किनारे कूड़े को लगाने पर ऐतराज जाहिर किया था। लेकिन वहां निगम कर्मचारी कूड़े को प्लाट में एकत्र कर दे रहे हैं।

इस तरह खाली प्लाट में कूड़ा डालने से गंदगी फैलेगी। दुर्गध के कारण वहां के लोगों को सांस लेना भी मुश्किल हो रहा है। नदी किनारे जमा कूड़ा नदी में मिलकर पानी को दूषित करेगा। नगर निगम को सही जगह डंपिंग करनी चाहिये।

सौरभ, आदित्यपुर

बिष्टुपुर मेन बाजार

शहर के बिष्टुपुर मेन बाजार में कूड़ा फेंका हुआ है। बाजार इलाके में डस्टबिन नहीं होने की वजह से लोग सड़क किनारे ही कूड़ा जमा करते हैं। स्थानीय दुकानदारों ने बताया कि डस्टबिन नहीं होने से दुकान के सामने ही कूड़ा लगा रहता है। त्योहारों में शहर की सफाई ऊपरवाले के भरोसे ही चल रही है। फेस्टिव सीजन में शहर की साफ-सफाई नहीं होने से पूरे शहर की गलियों में गंदगी है।

बिष्टुपुर मेन बजार में कूड़ा पड़ा होने से लोगों को दिक्कत हो रही है। बिष्टुपुर निवासी राहुल ने बताया कि जेएनएसी और जुस्को दोनों को बाजार एरिया में बकेट और डस्टबिन की व्यवस्था करनी चाहिये। शहर में गंदगी होने का बड़ा कारण डस्टबिन का न होना भी है।

राहुल बिष्टुपुर