- दिसंबर में नगर निगम ने वसूले 2.73 करोड़ रुपए

- गंभीर स्थिति में है शहर की सफाई, नालियां भी नहीं हो रही हैं साफ

- निगम ने केवल टैक्स वसूलने में लगा दिया है पूरा जोर

RANCHI (22 Jan) :

रांची नगर निगम द्वारा करोड़ों की वसूली के बावजूद इस समय शहर कूडे़ के ढेर पर खड़ा है। होल्डिंग टैक्स के रूप में एक तिमाही में दो करोड़ रुपए वसूल लिए गए, लेकिन सुविधा के नाम पर लोगों कुछ भी नहीं मिल रहा है। सिर्फ होल्डिंग टैक्स ही नहीं, बल्कि यूजर चार्ज, कचरा उठाव चार्ज के नाम पर भी लोगो से अलग-अलग टैक्स वसूले जा रहे हैं। इसके बावजूद न तो सड़कों से कूडे़ का उठावा हो रहा है और न ही घरों से नियमित कचरा उठ रहा है। यही वजह है कि कुछ लोग नगर निगम को 'नरक निगम' के नाम भी जानने लगे हैं। इसके पीछे इसकी कार्यशैली ही है। आलम यह है कि लोग अब रांची नगर निगम को सिर्फ पब्लिक से टैक्स के रूप में खून चूसने वाली एक संस्था के रूप में बता रहे हैं। सिर्फ दिसंबर महीने में नगर निगम में 2,08,14,270 (दो करोड़ आठ लाख चौदह हजार दो सौ सत्तर) रुपए की वसूली हुई। 7463 मकानों से होल्डिंग टैक्स के रूप में यह राशि वसूली गई। वहीं सिर्फ दिसंबर महीने में 2325 नए होल्डिंग नंबर भी जेनरेट हुए हैं। नए होल्डिंग नंबर से भी 6519002 (पैंसठ लाख उन्नीस हजार)) रुपए की आमदनी नगर निगम को हुई। इस प्रकार कुल दो करोड़ तिहत्तर लाख रुपए की आमदनी सिर्फ एक तिमाही में हुई।

टैक्स में दिलचस्पी, काम में कोताही

नगर निगम को शहर का सरकार कहा जाता है, लेकिन इसकी गतिविधियां बिल्कुल नगण्य होती जा रही हैं। नगर निगम का मूल काम वैसे तो साफ-सफाई का है, लेकिन वह अपने मूल काम को भी ईमानदारी से पूरा नहीं कर रहा है। शहर में हर तरफ गंदगी का अंबार लगा हुआ है। जिस गली से गुजरें, वहीं गंदगी ही गंदगी नजर आती है। लोग गंदगी में रहने को विवश है। गलियों, मुहल्लों की नियमित सफाई नहीं हो रही है। वहीं आम नागरिकों से टैक्स वसूलने की जहां बात आती है, उस जगह नगर निगम पूरी तरह एक्टिव हो जाता है।

इन इलाकाें में फैला है कचरा

कोनका रोड में जगह जगह कचरा

कर्बला चौक के समीप कोकना रोड में बीते दस दिनो से कूड़ा फैला है। लोकल निवासी मो समीर ने बताया कि नगर निगम की टीम कभी नहीं आती। यहां कचरे का ढेर जमा रहता है। इससे बीमारी भी फैल रही है।

करमटोली इलाके में भी सफाई नहीं

करमटोली स्थित राम प्यारी हॉस्पिटल के समीप गंदगी का अंबार लगा हुआ है। इस इलाके में ग‌र्ल्स और ब्वॉयज हॉस्टल भी है जहां सैकड़ों स्टूडेंट रहते हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि कभी निगम की टीम नहीं पहुंचती है।

श्रद्धानंद रोड में भी गंदगी

श्रद्धानंद रोड स्थित कांग्रेस ऑफिस के निकट भी गंदगी की हालत है। यहां के लोगों का भी कहना है कि कभी-कभी नगर निगम की टीम आ जाती है। अधिकतर समय इस क्षेत्र में गंदगी फैली रहती है।

अपर बाजार में फैला है कचरा

अपर बाजार में जगह-जगह पर कूड़ा-कचरा फैला है। यह काफी व्यस्त इलाका है। यहां खरीदारी के लिए हर दिन हजारों लोग आते है। लेकिन इस स्थान में भी सफाई नहीं नजर आई।