दो महिलाओं ने दहेज की मांग को लेकर पुलिस से लगाई गुहार

आरोपी ससुराल वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज पुलिस जांच में जुटी

ALLAHABAD: दहेज की मांग को लेकर ससुराल वालों द्वारा प्रताडि़त की जा रही दो महिलाओं ने पति समेत अन्य ससुराल वालों पर दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाया है। महिलाओं की तहरीर पर जार्जटाउन व धूमनगंज पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच कर रही है। फिलहाल अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।

मामले अलग, कहानी एक

शिवकुटी की रहने वाली संगीता का विवाह कुछ साल पहले इलाके में रहने वाले मोहित नाम के युवक से हुआ था। घर वालों ने बेटी की खुशी के लिए अपने औकात से बढ़कर ससुराल को खुशी रखने के लिए दान-दहेज दिया था। महिला का आरोप है कि शादी के कुछ महीने तक तो सब ठीक रहा, लेकिन धीरे धीरे पति समेत ससुराल वालों की नीयत बदलने लगी, और वो लोग संगीता को आए दिन दहेज की खातिर परेशान करने लगे और साथ ही उस पर जुल्म ढाने लगे।

वहीं दूसरी तरफ से एक और महिला ने पति समेत ससुराल वालों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मामला दर्ज कराया है। धूमनगंज के रहने वाले राजेश कुमार आबकारी विभाग में निरीक्षक है। उन्होंने बेटी अंजली की शादी तीन साल पहले कौशांबी के रहने वाले अदालती सिंह से की थी। आरोप है कि पति और ससुराल वाले दहेज में लाखों रुपए की रकम और कई कीमती सामान की मांग कर रहे थे। जब उनकी मांग पूरी नहीं हो सकी तो वह महिला के साथ मारपीट व उसके साथ गाली गलौज करने लगे।