-बंदरों के चलते जीजीआईसी की छात्राओं की पढ़ाई पर पड़ रहा असर

-कई बार निगम की टीम बंदरों को पकड़ने पहुंची लेकिन नहीं आए हाथ

BAREILLY : गवर्नमेंट ग‌र्ल्स इंटर कॉलेज की पढ़ाई बंदरों के आतंक के चलते बेपटरी हो गई है। छात्राएं कॉलेज आने से कतराती हैं। क्योंकि, बंदर के झुंड कई बार उन पर हमला कर चुका है। गनीमत बस यही रही कि अभी तक कोई भी छात्रा बंदरों के हमलों से घायल नहीं हुई है। वहीं, कॉलेज की प्रिंसिपल ने नगर निगम के अधिकारियों को लेटर भी लिखा, लेकिन नगर निगम की टीम जब भी गई बंदर उनके हाथ नहीं आए।

बंद क्लासेज में होती है पढ़ाई

जीजीआईसी में करीब 2500 छात्राएं पढ़ती हैं। इन छात्राओं में बंदरों का खौफ इस कदर हावी है कि वे पढ़ाई पर ध्यान केन्द्रित नहीं कर पा रही हैं। जिसका असर उनके रिजल्ट पर पड़ रहा है। छात्राओं ने बताया कि बंदर अक्सर क्लास में घुस आते हैं, जिससे कई बार पढ़ाई बाधित होती है। वहीं, लंच के वक्त बंदर छात्राओं के हाथ से खाना छीनकर भाग जाते हैं। छात्राओं का कहना है कि उन्होंने प्रिंसिपल को अपनी समस्याएं बताती हैं। प्रिंसिपल ने नगर निगम के अधिकारियों को लेटर भी लिखा, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। उधर, टीचर्स छात्राओं की सुरक्षा के एहतियातन क्लासेज के दरवाजे बंद करके पढ़ाती हैं, ताकि बंदर अंदर न घुस सके।

बैरंग लौटी टीम

प्रभारी प्रिंसिपल शशिबाला पांडे ने बताया कि कॉलेज ने कई बार नगर निगम के अधिकारियों को लेटर लिखा है। नगर निगम की टीम कॉलेज भी आई, लेकिन वह कोई बंदर नहीं पकड़ सकी। घंटों मशक्कत के बाद जब टीम के हाथ कोई बंदर नहीं आया, तो टीम बैरंग लौट गई।

अक्सर क्लास में बंदर घुस आते है, जिससे खलबली मच जाती है। मैडम को कई बार बताया गया है। उन्होंने लेटर भी लिखे, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।

अर्चना, स्टूडेंट

बंदरों के कारण कॉलेज आने में डर लगता है। कई बार बंदर हमलावर हो जाते हैं। अधिकारियों को इस संबंध में ठोस कदम उठाने चाहिए।

पूजा, स्टूडेंट