घूरपुर पुलिस ने दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया

मामूली विवाद में हुई थी समीर निषाद की पीट-पीट कर हत्या

prayagraj@inext.co.in

PRAYAGRAJ: घूरपुर थाना क्षेत्र के यमुना घाट के समीप तीन दिन पूर्व धूल उड़ने के विवाद में किशोर समीर निषाद की कुछ लोगों ने पीट पीट कर हत्या कर दी थी। फिर उसकी लाश को घाट के किनारे बालू में दफना दिया था। पुलिस ने हत्याकांड के दो नामजद अभियुक्तों को पकड़ लिया है। अन्य की तलाश में दबिश दी जा रही है।

क्षेत्र से पकड़े गए आरोपी

बसवार गांव के दांदूपुर गांव के अरविंद कुमार उर्फ मक्खन के दस वर्षीय बेटे समीर निषाद की हत्यारों ने पीट पीट कर हत्या कर दी। उसकी लाश पर टैक्टर चढ़ा दिया और यमुना घाट के किनारे बालू में दफना कर लाश को ठिकाने लगाने का प्रयास किया। पिता की तहरीर पर पुलिस ने कई नामजद व अज्ञात में रिपोर्ट दर्ज की। सोमवार को स्थानीय पुलिस ने धर्मराज यादव पुत्र राम बहादुर यादव व कल्लू उर्फ श्याम बाबू पुत्र स्वर्गीय राम सजीवन को क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।

फरार चल रहे छह अभियुक्तों की तलाश में दबिश दी जा रही है। कुछ सुराग मिले हैं। जल्द ही सभी अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

बृजेश सिंह, थानाध्यक्ष, घूरपुर