- परिजनों ने जबरन तय कर दी थी शादी, दुखी युवती ने गुरुवार रात कर ली आत्महत्या

GORAKHPUR: जबरन शादी तय होने से दुखी एक छात्रा ने गुरुवार रात खुदकुशी कर ली। वह अपने कमरे में दपट्टे का फंदा लगाकर लटक गई। सुबह जब उठने में देरी हुई तो जगाने पहुंची मां को जानकारी हुई। दरवाजा तोड़ घरवालों ने उसका शव नीचे उतारा। गुरुवार को मंदिर में मुंह दिखाई की रस्म पूरी होने के बाद शादी तय हुई थी।

अभी शादी नहीं करना चाहती थी सोनी

खोराबार गांव के वीरेन्द्र शर्मा ने अपनी 17 साल की बेटी सोनी शर्मा की शादी तय कर दी थी। गुरुवार को चौरीचौरा के एक मंदिर में मुंह दिखाई की रस्म भी पूरी की गई। वहां से घर लौटी सोनी रात में अपने कमरे में सोने गई। जबकि घर से सभी सदस्य छत पर सोने चले गए। रात में उसने कमरे में खुदकुशी कर ली। सुबह मां जगाने गईं तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। खिड़की से देखा तो वह दुपट्टे के फंदे में पंखे से लटक रही थी। दरवाजा तोड़ परिजनों ने शव नीचे उतारा। इस बीच किसी ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। परिजनों ने किसी तरह की जानकारी से इनकार कर दिया। सोनी कंप्यूटर कोर्स कर रही थी। बताया जा रहा है कि वह अभी शादी नहीं करना चाहती थी। लेकिन माता-पिता अपनी जिम्मेदारी समझ कर जल्दी से उसकी शादी करना चाहते थे।