- नशे की हालत में द्वारपूजा में ही जला ली सिगरेट, जमकर हंगामा

- दूल्हे और पिता को बंधक बनाया, खर्च वापसी पर बनी सहमति

GORAKHPUR: पीपीगंज इलाके के राजस्व गांव जरहद में मंडप में शराब के नशे में झूमते दूल्हे को देख दुल्हन भड़क गई। थोड़ी देर तक तो उो समझा बुझाकर शांत कराया गया लेकिन द्वारपूजा के दौरान ही एक बार फिर दूल्हे ने सिगरेट जला ली और छेड़खानी करने लगा। दूल्हे का यह हाल देख भड़की दुल्हन ने शादी से इंकार कर दिया। दुल्हन पक्ष के लोगों ने दूल्हे और उसके पिता को बंधक बना लिया। सूचना पर पुलिस पहुंच गई। थाने पर पंचायत के बाद फैसला हुआ कि शादी नहीं होगी और लड़की पक्ष को वर पक्ष शादी में हुए खर्च लौटाएंगे।

सीआईएसएफ का है जवान

कैंपियरगंज के तिलहवा गांव के रामानंद यादव का बेटा अखिलेश यादव सीआईएफएस में जवान है। उसकी शादी जरहद गांव निवासी जयप्रकाश यादव की बेटी काजल के साथ तय हुई थी। धूमधाम से बारात गुरुवार को दरवाजे पर पहुंच गई। लड़की पक्ष के लोग भी तैयारी में लगे थे। द्वारपूजा से पहले दोस्तों के साथ बैठकर अखिलेश ने शराब पी ली। द्वारपूजा में जैसे-तैसे वह झूमते हुए पहुंचा। दूल्हा खड़ा तक ही नहीं हो पा रहा था। मंडप में उसकी हालत देख दुल्हन ने शादी से इंकार कर दिया। पहले तो पिता ने उसे समझाने की कोशिश की लेकिन फिर वह भी बेटी के फैसले के साथ खड़े हो गए। रात से लेकर सुबह तक थाने में चली पंचायत के बाद तय हुआ कि दूल्हा पक्ष दुल्हन पक्ष को खर्च की रकम वापस करेगा।