- टीचर ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में कराया इलाज

- एक्सरसाइज के तुरंत बाद नाश्ता व गर्मी के कारण बिगड़ी हालत, पेट में होने लगा दर्द

- पिपराइच क्षेत्र के महमूदाबाद स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय का मामला

PIPRAICH: पिपराइच क्षेत्र के महमूदाबाद स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में नाश्ते के बाद सात छात्राओं की हालत बिगड़ गई। आनन-फानन में स्कूल की टीचर ने छात्राओं को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में एडमिट कराया। सूचना से महकमे में हड़कंप मच गया। हालांकि थोड़ी ही देर में छात्राओं की स्थिति में सुधार हो गया और अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। प्रिंसिपल के अनुसार, एक्सरसाइज के तुरंत बाद नाश्ते के कारण पेट में दर्द हो गया था।

पेट में उठा दर्द

कस्तूरबा आवासीय गांधी विद्यालय में 100 से अधिक छात्राएं पढ़ती हैं। रोज की तरह शनिवार को सुबह छात्राओं ने एक्सरसाइज किया। एक्सरसाइज के बाद करीब आठ बजे स्कूल में मौजूद 73 छात्राओं को लाल चाय व नमकीन पूडी का नाश्ता दिया गया। कुछ ही देर बाद कक्षा आठ की छात्रा सुशीला, छह की रीता, प्रतिभा, सुधा, शिवांगी, रानी, ज्योति ने पेट दर्द की शिकायत की और कराहना शुरू कर दिया।

108 नंबर पर दी सूचना

नाश्ते के बाद छात्राओं की हालत बिगड़ने की सूचना पर वार्डेन के होश उड़ गए। जैसे ही यह सूचना महकमे में फैली, अधिकारियों के हाथ-पांव फूलने लगे। वार्डेन अंजनी मिश्रा ने 108 नम्बर पर सूचना दी। टीचर पुष्पा तिवारी के साथ छात्राओं को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र भेजा। दोपहर 12 बजे उन्हें अस्पताल में एडमिट कराया गया।

ली राहत की सांस

छात्राओं के बीमार होने की जानकारी से पूरा स्कूल प्रशासन सकते में आ गया था। साथी छात्राएं भी घबरा गई थीं लेकिन कुछ ही देर में छात्राओं की हालत में सुधार होने पर सबने राहत की सांस ली। डॉक्टर ने पांच छात्राओं को तुरंत प्राथमिक उपचार के बाद भेज दिया। वहीं सुशीला और रीता को भी कुछ देर बाद अस्पताल से छुट्टी मिल गई।

जांच के बाद ही नाश्ता दिया जाता है। शनिवार को रोज की तरह ही 8 बजे नाश्ता दिया गया। भीषण गर्मी या एक्सरसाइज के तुरंत बाद नाश्ते के कारण पेट में दर्द हो गया। यह महज इत्तेफाक था।

अंजनी मिश्रा, वार्डेन