कानपुर। Vini Raman ऑस्ट्रेलिया के स्टार ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल ने बुधवार को गर्लफ्रेंड विनी रमन के साथ सगाई की घोषणा की। ग्लेन मैक्सवेल ने मेलबर्न में रहने वाली भारतीय मूल की लड़की विनी रमन के साथ खुद की सगाई वाली फोटो साझा की। मैक्सवेल की प्रेमिका को सगाई की अंगूठी के साथ तस्वीर में देखा जा सकता है जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही। मैक्सवेल और विनी पिछले काफी समय से डेटिंग कर रहे हैं। इस जोड़े की तस्वीरें सोशल मीडिया पर पहली बार 2017 में सामने आईं थी। साथ ही मैक्सवेल को अपनी पार्टनर विनी के साथ ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट मैच 2019 में स्पॉट किया गया था।

रिश्ते को कभी नहीं छुपाया

मैक्सवेल और विनी ने अपने रिश्ते को कभी छुपाया नहीं था। सोशल मीडिया पर यह दोनों एक-दूसरे के साथ वाली तस्वीरें अक्सर पोस्ट करते रहते हैं। यही नहीं मैक्सवेल जब-जब कहीं घूमने जाते हैं तो विनी उनके साथ जरूर रहती हैं। इंस्टाग्राम पर सगाई वाली तस्वीर सामने आते ही मैक्सवेल को बधाईयां मिलने लगी। उनके साथी खिलाड़ी क्रिस लिन ने मैक्सवेल को इंगेजमेंट की बधाई देते हुए इंस्टाग्राम पर एक प्यार भरा कमेंट किया।

कौन हैं विनी रमन

विनी रमन के सोशल मीडिया के अनुसार, वह एक मेलबोर्न स्थित फार्मासिस्ट हैं। रमन और मैक्सवेल पिछले 2 सालों से डेट कर रहे हैं। इन दोनों का कई जगह एक साथ स्पॉट किया गया था। मैक्सवेल के बुरे वक्त में विनी ने उनका साथ दिया। आपको याद हो मैक्सवेल अभी बीच में मानसिक बीमारी के चलते क्रिकेट से दूर हो गए थे तब विनी ने इस खिलाड़ी को सहारा दिया। बीमारी से लडऩे के बाद मैक्सवेल ने क्रिकेट में जबरदस्त वापसी की और मेलबर्न स्टार्स को बिग बैश लीग 2019-20 के फाइनल में पहुंचने में मदद की।

आईपीएल खेलते आएंगे नजर

ग्लेन मैक्सवेल को अपनी बाईं कोहनी की सर्जरी के कारण दक्षिण अफ्रीका में चल रही T20I श्रृंखला से बाहर कर दिया गया था। मैक्सवेल से दक्षिण अफ्रीका में अपनी अंतरराष्ट्रीय वापसी करने की उम्मीद की जा रही थी, लेकिन 6-8 सप्ताह तक उन्हें बाहर रखने के लिए सर्जरी के साथ, ऑलराउंडर के इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2020 के दौरान वापस आने की उम्मीद है। बता दें मैक्सवेल को आईपीएल 2020 के लिए किंग्स इलेवन पंजाब ने 10.75 करोड़ रुपये में खरीदा है।

Cricket News inextlive from Cricket News Desk