-नवाबगढ़ घाट पर रेत छान रहे हिमाचल सीमा में मजदूर भागे

-पुलिस ने छलने तोड़ डाले, फावड़े, तसले व बेलचे किए जब्त

VIKASHNAGAR (JNN) : कोतवाली पुलिस ने शुक्रवार को यमुना के नवाबगढ़ व नावघाट पर अवैध खनन के खिलाफ अभियान चलाया। अवैध खनन छान रहे मजदूर पुलिस को देखकर भाग निकले। आधा दर्जन वाहनों के चालक भी अपने वाहन हिमाचल की सीमा में ले भागे। पुलिस ने रेत छानने वाले छलने तोड़ डाले। फावड़े, तसले, गैंती व बेलचे आदि सामान जब्त कर लिया। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध खनन करने वालों में हड़कंप मच गया।

पुलिस ने अचानक की कार्रवाई

यहां यमुना का एक किनारा उत्तराखंड में तो दूसरा किनारा हिमाचल में है। सीमांकन स्पष्ट न होने का फायदा अवैध खनन करने वाले उठा रहे हैं और पुलिस व प्रशासन की छापेमार कार्रवाई के दौरान हिमाचल सीमा में भाग जाते हैं। यमुना के भीमावाला, नावघाट व नवाबगढ़ घाटों पर अवैध खनन की शिकायत मिलने पर कोतवाली पुलिस ने फ्राइडे को अचानक छापेमार कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने घेराबंदी कर अवैध खनन में प्रयुक्त वाहनों को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन उससे पहले ही चालक अपने वाहन हिमाचल प्रदेश की सीमा में ले भागे।

अवैध खनन वालों में मचा हड़कंप

कोतवाल चंदन सिंह बिष्ट के नेतृत्व में टीम को देखकर मजदूरों ने भी पत्थरों में ही दौड़ लगा दी और हिमाचल प्रदेश की सीमा में ही जाकर सांस ली। पुलिस टीम ने छानकर लगाए गए रेत के ढेर को वापस फैला दिया, छलने तोड़ डाले। बेलचे, गैंती, फावड़े व तसले आदि सामान को जब्त कर लिया। पुलिस टीम के घाटों पर छापेमार कार्रवाई से अवैध खनन करने वालों में हड़कंप मच गया। कोतवाल चंदन सिंह बिष्ट के अनुसार अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई और तेज की जाएगी।