RANCHI: कर्ता ऐप में हुनरमंद ले रहे इंटरेस्ट। जी हां, स्मार्ट सिटी के लोगों को स्मार्ट बनाने के लिए सरकार द्वारा लांच किए गए कर्ता ऐप से अब तक अलग-अलग कैटेगरी के 356 सर्विस प्रोवाइडरों ने अपना इनरोलमेंट करा लिया है। इसमें 320 सर्विस प्रोवाइडर एक्टिव भी हैं। इनके द्वारा आम लोगों को सर्विस दी जा रही है। अबतक 183 लोग इस सेवा का फायदा उठा चुके हैं। अलग-अलग फिल्ड में लोग इसका लाभ ले रहे हैं। इसमें प्लंबर, सिक्योरिटी, गार्ड, ऑटो ड्राइवर आदि सर्विस प्रोवाइडर शामिल हैं। गौरतलब हो कि एक अक्टूबर को कर्ता ऐप लांच किया गया था। सीएम ने आम लोगों की परेशानी दूर करने के उद्देश्य से इसकी लांचिंग की थी। इसके बाद 15 दिनों में 183 लोगों ने इस ऐप के माध्यम से अपनी परेशानी दूर कर ली है।

4300 लोगों ने किया ऐप इंस्टॉल

कर्ता ऐप को राजधानी के 4300 लोगों ने अपने मोबाइल फोन पर डाउनलोड कर लिया है। वहीं सर्विस प्रोवाइडर के लिए भी लगातार आवेदन आ रहे हैं। इन आवेदनों की स्क्रूटनी व पुलिस वेरिफिकेशन के बाद इनरोल कर लिया जाएगा। कर्ता ऐप के माध्यम से लोग घर बैठे ही सर्विस पा सकेंगे। कभी-कभी सर्विस प्रोवाइडर को ढूंढना काफी मुश्किल हो जाता है। इन्हीं समस्याओं को दूर करने के लिए इस ऐप को लांच किया गया है, जहां एक ही ऐप में सभी सर्विस प्रोवाइडर जैसे प्लंबर, ऑटो ड्राइवर, इलेक्ट्रिशियन, सिक्यूरिटी गार्ड आदि मौजूद होंगे। इस महीने के अंत तक ऐप को पूरी तरह से डेवलप करने का टास्क स्मार्ट सिटी कॉरपोरेशन को दिया गया है। वहीं लोगों की प्रॉब्लम को दर्ज करने के लिए कॉल सेंटर की भी व्यवस्था की जा रही है।

श्रम विभाग में रजिस्ट्रेशन जरूरी

सभी सर्विस प्रोवाइडरों को प्रधानमंत्री श्रमशक्ति अभियान के तहत श्रम विभाग रजिस्ट्रेशन कराना अनिवार्य है। ताकि इन्हें सरकार की अन्य योजनाओं का भी लाभ मिल सके। दीपावली के मौके पर रजिस्टर्ड सर्विस प्रोवाइडर को उपहार भी दिए जाएंगे।