नए वार्डो में कराया जा रहा है हाउस होल्ड सर्वे

गूगल मैप पर जहां दिख रहे 2 मकान, मौके पर बन हैं 8 तक

देहरादून।

नगर निगम की ओर से 40 नए वार्डो का हाउस होल्ड सर्वे किया जा रहा है। गूगल मैप से कंपनी ये सर्वे कर रही है। लेकिन, दिक्कत यह हो रही है कि गूगल मैप जहां दो मकान दिखा रहा है, वहां मौके पर इससे कई ज्यादा मकान बने हुए हैं। आश्चर्य की बात है कि गूगल में जितने मकान शो हो रहे हैं, कर्मचारी केवल उतने ही मकानों को सर्वे करके लौट रहे हैं। ऐसे में मौके पर जो मकान बन गये हैं, उनमें ज्यादातर इस सर्वे में कवर ही नहीं हो पा रहे हैं। इस पर क्षेत्र के लोग भी आपत्ति कर रहे हैं। उनका कहना है कि इस आधे-अधूरे सर्वे को आखिर निगम करवा ही क्यों रहा है।

--

नये वार्डो में हो रहा सर्वे

हाल ही में 40 नए वार्ड नगर निगम में शामिल हुए हैं। इन वार्डो में नगर निगम ने हालांकि फिलहाल इन वार्डो में हाउस टैक्स न लेने का फैसला किया है, लेकिन इसके लिए रिकॉर्ड तैयार किया जा रहा है। इस तरह का रिकॉर्ड तैयार करने के लिए नगर निगम की ओर से इन सभी वार्डो में हाउस होल्ड सर्वे करवा रहे हैं।

प्राइवेट कंपनी कर रही सर्वे

नगर निगम की ओर से एक प्राइवेट कंपनी को सर्वे का काम सौंपा गया है। कंपनी की ओर से गूगल मैप का यूज कर सर्वे किया जा रहा है। कंपनी के कर्मचारी जब मौके पर सर्वे करने पहुंच रहे हैं तो वहां गूगल मैप में शो हो रहे मकानों की तुलना में कई ज्यादा मकान बने हुए हैं। खास बात यह है कि कंपनी के कर्मचारी केवल उतने ही मकानों की डिटेल ले रहे हैं, जितने गूगल मैप पर शो हो रहे हैं।

--

डिटेल भी आधी-अधूरी

सर्वे करने के लिए अचानक घर के दरवाजे पर पहुंच रहे कर्मचारियों को लोगों का सहयोग भी नहीं मिल पा रहा है। अचानक आकर घर का फोटो खींचने और डिटेल मांगने पर आपत्ति जता रहे हैं। हालांकि कर्मचारियों के पास एसएसपी का लेटर भी है। जिसमें उन्हें सहयोग करने के लिए कहा गया है, बावजूद इसके लोग अपने घर की आधी-अधूरी जानकारी दे रहे हैं।

--

सात में से दो का सर्वे

सेटरडे को केदारपुरम बंजारावाला के शिवपुरी में कंपनी की ओर से सर्वे किया गया। प्लॉट नंबर 276 में सात मकान बनने के बावजूद इनमें से दो की ही डिटेल ली गई। कंपनी वालों ने बताया कि गूगल में दो ही मकान दिख रहे हैं, इसलिए बाकी की डिटेल नहीं ले रहे हैं। उनका कहना था कि कई मोहल्लों में इस तरह की परेशानी आ रही है, लेकिन कंपनी की ओर से गूगल मैप के अनुसार ही सर्वे किया जा रहा है।

--

मोहल्ले में सर्वे वाले आए और हमारे मकान का सर्वे कर चले गये। आसपास के मकान उन्होंने छोड़ दिए। ये तो गलत है।

अनीता सजवाण, शिवपुरी

--

नगर निगम के आधे-अधूरे सर्वे का क्या फायदा है। ये तो सिर्फ पैसों की बर्बादी है। जब काम किया ही जा रहा है तो इसे पूरे तरीके से किया जाए। घनश्याम वर्मा, कौलागढ़