-महोत्सव के तीसरे दिन भी खूब मची धूम, उमड़ी भीड़

- दिव्यांगों के ग्रुप डांस ने मोह लिया सभी का मन

GORAKHPUR: गोरखपुर महोत्सव के तीसरे दिन गोरखपुर गॉट टैंलेंट, चेस कॉम्पटीशन, इंद्रधनुष, रंगमंच और महिलाओं की नृत्य और रंगोली प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ। देर शाम को दिव्यांगों के अद्भुत नृत्य प्रस्तुति ने गोरखपुराइटस का मन मोह लिया। तीसरे दिन महोत्सव में करीब तीस हजार की भीड़ उमड़ी।

टैलेंट को मिला मंच

सुबह दस बजे से शुरू हुआ गोरखपुर गॉट टैलेंट कार्यक्रम शाम चार बजे तक चला। इस दौरान 53 स्थानीय कलाकारों ने गायन, वादन, शास्त्रीय संगीत सहित कई अन्य प्रस्तुतियां दीं। एक-एक कर गोरखपुर का टैलेंट मंच पर उतरा तो लोगों को यहां की प्रतिभा के भंडार का पता चला। इस दौरान अमृता मिश्रा, मिताली, आयुषी, और स्मृति सहित दर्जनों प्रस्तुतियों को जबरदस्त सराहना मिली। दर्शकदीर्घा में बैठे लोग एक बार आए तो देर शाम तक रुके ही रह गए।

सतरंगी इंद्रधनुष के रंग

शाम को इंद्रधनुष कार्यक्रम में पहली प्रस्तुति आकाशवाणी और दूरदर्शन पर लगातार प्रस्तुतियां देने वाले प्रभाकर शुक्ल की रही। इसके बाद बाद मशहूर व्यंग्य लेखक शैलेष त्रिपाठी उर्फ मोबाइल बाबा ने अपने व्यंग्यवाणों से दर्शकदीर्घा में बैठे लोगों का मनोरंजन किया। विनोद गंगानी की टीम ने कत्थक नृत्य और रानू जॉनसन ने बांसुरी वादन से सभी का मन मोह लिया।

मौसम ने सुस्त की शुरुआत

रविवार की सुबह महोत्सव की शुरुआत थोड़ी फीकी रही। धुंध और सुबह के वक्त की ठंड इसकी वजह थी। हालांकि दिन चढ़ने के साथ भीड़ बढ़ने लगी और दोपहर होते-होते कार्यक्रम स्थल पर खासी तादाद में लोग पहुंच चुके थे।

कफन और महातीर्थ का मंचन

यूनिवर्सिटी के दीक्षा भवन में रंगमंच कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। भारतीय नाट्य संघ की ओर से महातीर्थ नाटक प्रस्तुत किया गया। रूपांतरण और निर्देशन डॉ। मुमताज खान ने किया। रंगमंच की प्रसिद्ध संस्था रंगाश्रम की ओर से मुंशी प्रेमचंद्र के नाटक कफन का मंचन किया गया। नाटक का निर्देशन केसी सेन ने किया। नाटक में सतीश, अमित पटेल, राहुल, आकाश और दीपक के अभिनय की सराहना हुई।

नृत्य, रंगोली की छटा

महोत्सव में महिला प्रकोष्ठ की ओर से नृत्य और रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। रंगोली में सिटी के 36 ग्रुप्स ने भाग लिया। इसमें मधुरलता, अंजली सुमधा और सत्यदेव की टीम प्रथम, स्निग्धा राय, अनुष्का श्रीवास्तव की टीम द्वितीय और मधु सिंह, अंजू मान्य की टीम तृतीय स्थान पर रही। डांस प्रतियोगिता में डेफोडिल गुप फ‌र्स्ट, एंजेल ग्रुप द्वितीय, और गॉर्जेज ग‌र्ल्स की टीम को थर्ड स्थान मिला। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि रेलवे जीएम की पत्नी कुमकुम मिश्रा और गोरखपुर यूनिवर्सिटी के कुलपति की पत्नी प्रो। मधु कुमार थी। अतिथियों का स्वागत आयोजन कमेटी की पदाधिकारी डा। सुरहिता करीम, ऋतु चंद्रा, मधुलिका सिंह और पुष्पिता लाहिड़ी ने पुष्प गुच्छ देकर किया। कार्यक्रम का संचालन सौम्या दीक्षित, मनीष त्रिपाठी और हर्ष सिंहा ने किया। कार्यक्रम में प्रो। नंदिता सिंह, प्रो। दिव्या रानी सिंह और डा। सीमा शेखर ने विशेष सहयोग किया।