- सातवें दिन भी जारी रहा नगर निगम का अतिक्रमण हटाओ अभियान

GORAKHPUR: नगर निगम का शुक्रवार को भी अतिक्रमण हटाओ अभियान जारी रहा। मानस बिहार के रहने वाले एचएस मल्ल की शिकायत पर शुक्रवार को पादरी बाजार के जंगल शालीग्राम स्थित मानस बिहार कॉलोनी में सड़क पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। मौके पर ही नगर निगम की टीम ने अवैध निर्माण का ध्वस्त कराया। हालांकि इसका लोगों ने विरोध भी किया, लेकिन अफसरों ने उनकी एक न सुनी और बुलडोजर लगवाकर उनका पक्का बाउंड्रीवाल को तोड़ दिया।

दस लोगों ने किया था कब्जा

मानस बिहार कॉलोनी के रहने वाले एचएस मल्ल ने नगर आयुक्त से शिकायत की थी कि एरिया के दस लोगों ने सड़क पर कब्जा कर अवैध निर्माण करा लिया है। इसकी वजह से सड़क पूरी तरह से सिकुड़ती जा रही रही। इस संबंध में कुछ रोज पहले नगर निगम ने रोड पर अवैध कब्जा करने वाले लोगों को नोटिस जारी की थी, इसके बावजूद भी उन्होंने कब्जा नहीं हटाया। शुक्रवार की सुबह करीब 11 बजे अपर नगर आयुक्त अनिल कुमार सिंह और उप नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार पुलिस फोर्स के साथ भगतपुरवा तिराहे पहुंचे। निगम के अफसरों और भारी पुलिस बल देखकर लोग सकते में आ गए। मौके पर सड़क की पैमाइश कराई गई तो पता चला कि करीब दस लोगों ने रोड को कब्जा कर अवैध तरीके से बाउंड्रीवॉल का निर्माण कराया है। अफसरों ने सख्ती बरतते हुए भगतपुरवा से बिस्कुट फैक्ट्री तक अवैध निर्माण का ध्वस्त कराने का आदेश दिया। माल्ती देवी, विमला सिंह, बलराम, अरविंद किशोर, कृष्णावती देवी, लड्डू मिश्रा, संतोष रावत, श्यामनारायण पांडेय समेत दस लोगों का पक्का बाउंड्रीवाल ध्वस्त करवाया गया। इस अवसर पर राजस्व निरीक्षक अवध किशोर श्रीवास्तव, अनिल सिंह, भारी संख्या में पुलिस फोर्स मौजूद रही।