- 15 अगस्त तक नगर निगम को लगाने थे 6600 पौधे

- जगह ही चिन्हित नहीं, पौधों की खरीदारी भी नहीं कर सके हैं जिम्मेदार

GORAKHPUR: नगर निगम को 15 अगस्त तक पूरे शहर में 6600 पौधे लगाने हैं लेकिन अभी तक न तो पौधों की खरीदारी हो सकी है और न ही सर्वे का काम पूरा हो सका है। योजना को लेकर निगम की तैयारियों का हाल ये कि अभी तक ठोस योजना तक नहीं बनाई जा सकी है। अधिकारियों के मुताबिक मंगलवार को मीटिंग कर इस संबंध में योजना तैयार कर उसे ठोस आकार दिया जाएगा। हालांकि अगर नगर निगम मंगलवार को योजना तैयार कर भी लेता है तो अगले सात दिनों में उसे 6600 पौधे लगाने होंगे। यानि लक्ष्य को पूरा करने के लिए नगर निगम को प्रतिदिन 942 पौधे लगाने होंगे। अब सवाल यह उठता है कि क्या नगर निगम के पास इतने संसाधन हैं कि वह प्रतिदिन 942 पौधे लगा सके।

खरीदारी तक का पता नहीं

शहर को हरा-भरा रखने के लिए निगम की तैयारियों पर सवाल खड़े हो रहे हैं। 15 अगस्त तक लक्ष्य को पूरा करने के लिए नगर निगम को 6600 पौधों की खरीदारी करनी होगी। सामान्य पौधों की खरीदारी और उसे लगाने के लिए निगम के संसाधनों को देखते हुए यह मुश्किल लग रहा है। इतनी बड़ी संख्या में किन पौधों की खरीदारी कैसे की जाएगी अभी यह भी स्पष्ट नहीं हो सका है।

प्रतिदिन लगाने होंगे 942 पौधे

नगर निगम के एई अभी तक सर्वे का काम भी नहीं पूरा कर सके हैं। तय समय तक लक्ष्य को पूरा करने के लिए प्रतिदिन 942 पौधों को लगाना होगा। इसके लिए पहले जगहों को चिन्हित कर गड्ढों की खोदाई करनी होगी। साथ ही पर्याप्त कर्मचारियों का भी इंतजाम करना होगा, इसके बावजूद तय लक्ष्य पूरा करना आसान नहीं होगा। फिलहाल नगर निगम पहले से ही सफाई की व्यवस्था को पटरी पर लाने में जुटा हुआ है। ऐसे में निगम की यह योजना अधर में ही लटकती नजर आ रही है।

वर्जन

कल मीटिंग के बाद पौधे लगाने की योजना तैयार की जाएगी। फिलहाल एई अपने एरिया में सर्वे कर जगहों को चिन्हित कर रहे हैं। लक्ष्य को पूरा कर लिया जाएगा।

- सुरेश चन्द, चीफ इंजीनियर, नगर निगम