- चिलुआताल एरिया में बरगदवां बाईपास की घटना

- सीसीटीवी कैमरों की मदद से पुलिस कर रही तलाश

GORAKHPUR: चिलुआताल एरिया के फत्तेपुर डिहवा में रोडरेज का शिकार किशोर दवा लेने के लिए दोस्त संग बाजार जा रहा था। साइड लेने के विवाद में किशोर की गोली मारकर बदमाश फरार हो गए थे। घटना से किशोर के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। अज्ञात लोगों के खिलाफ मर्डर का मुकदमा दर्ज करके पुलिस छानबीन में जुटी है। सीसीटीवी कैमरों की मदद से फोर व्हीलर की पहचान करने की कोशिश चल रही है। पुलिस का कहना है कि वाहन के आधार पर हत्यारोपी की पहचान हो जाएगी। किशोर के दोस्त को हिरासत में लेकर पुलिस छानबीन में जुटी है।

बरगदवां बाईपास पर मारी थी गोली

राजेंद्र नगर पश्चिमी, चित्रगुप्त नगर मोहल्ला निवासी काशीनाथ चौहान का एक मकान बनकटवां मोहल्ले में है। उनका 17 साल का बेटा आकाश चौहान शनिवार की देर शाम अपने दोस्त केवटहिया, लच्छीपुर मोहल्ले के अंगद संग मेडिकल कॉलेज दवा लेने जा रहा था। स्पो‌र्ट्स कॉलेज से आगे बढ़ने पर पीछे से आ रहे फोर व्हीलर सवार आकाश की बाइक से साइड मांग रहे थे। इसी बात को लेकर विवाद होने पर फोर व्हीलर सवारों ने आकाश पर गोली दाग दी। हमले में अंगुली में गोली लगने पर अंगद भी घायल हो गया। आकाश को गोली लगने के बाद अंगद भी भाग निकला। एक्सीडेंट का मामला जानकर राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। बाद में पता लगा कि गोली लगने से उसकी जान गई है।

घर में मचा कोहराम, हमलावरों की तलाश

मां-बाप के इकलौते बेटे आकाश की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। दो बहनों पूजा और खुशी के बीच अकेले भाई की मौत से घर के सदस्य टूट गए हैं। आकाश हलवाई का काम करता था। उसके पिता की सूचना पर अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज करके पुलिस जांच में जुटी है। मामले की तह तक पहुंचने के लिए पुलिस ने उसके दोस्त अंगद को भी हिरासत में ले लिया है। उसके हाथ में गोली लगी है। पुलिस यह जानने की कोशिश में है कि आखिर घटना के बाद वह क्यों भाग गया था। इसके अलावा कई अन्य बिंदुओं पर जांच चल रही है। माना जा रहा है कि रोडरेज की घटना पर पुलिस यकीन नहीं कर पा रही।

वर्जन

चिलुआताल की घटना में जांच पड़ताल चल रही है। फोर व्हीलर सवारों ने एक किशोर को गोली मार दी थी। अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया गया है। जल्द ही इस मामले की गुत्थी सुलझा ली जाएगी।

- डॉ। सुनील गुप्ता, एसएसपी