- मोहल्लों में झगड़े, भूमि विवाद, पारिवारिक और क्रिमिनल रिकार्ड पर गोरखपुर पुलिस की नजर

लॉकडाउन में आपराधिक गतिविधियों पर लगाम कसने के लिए पुलिस ने नए सिरे काम शुरू किया है। आपराधिक घटनाओं की रोकथाम और विवादों को निपटाने के लिए पुलिस परदेसियों की डिटेल जुटा रही है। पूर्व में अनसुलझे मामलों के कारण विवाद होने की आशंका में पुलिस टीम को अलर्ट रहने को कहा गया है। डीजीपी हेड क्वार्टर से जारी निर्देश पर थानों की पुलिस हरकत में आ गई है। एसएसपी ने कहा कि सभी थानेदारों को अपने बीट से संबंधित जानकारी अपडेट करने के संबंध में गाइडलाइन जारी कर दी गई है। यदि किसी की लापरवाही सामने आई तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। परिस्थितियों को देखते हुए सभी को अलर्ट रहने को कहा गया है।

घर वापसी से बढ़ गई बवाल की आशंका

लॉकडाउन में दूसरे प्रदेशों से बड़ी संख्या में फंसे लोगों की वापसी हो रही है। 10 साल से अधिक समय तक अपने मोहल्ले-गांव नहीं लौटे लोग भी वापस आए हैं। ट्रेन और बस का संचालन न होने पर भी तमाम लोग पैदल, बाइक और साइकिलों से घर पहुंच गए। इनमें तमाम लोग क्वारंटीन का समय पूरा कर चुके हैं। ऐसे लोग धीरे-धीरे मोहल्लों में अपनी सक्रियता भी बढ़ा रहे हैं। इनमें कुछ ऐसे लोग हैं, जिनका पहले से कोई न कोई विवाद चल रहा था। लेकिन उनके परदेस चले जाने से मामला शांत था। लॉकडाउन में दोबारा दोनों पक्षों के आमने-सामने होने से मारपीट सहित अन्य घटनाओं की आशंका बढ़ गई है। इसको देखते हुए घर वापसी करने वाले व्यक्तियों के अनसुलझे और पूर्व के विवादों को चिह्नित करने का निर्देश जारी हुआ। गोरखपुर जिले में हजारों की तादाद में घर लौटे हैं।

इस तरह के विवादों पर नजर

प्रापर्टी के विवाद

भूमि बंटवारे का विवाद

पुरानी रंजिश और पटटीदारी का मामला

मोहल्लों में पार्टीबंदी और गुटबंदी की घटनाएं

राजनैतिक, जातिगत और सांप्रदायिक विवाद

यह कार्रवाई करेगी पुलिस

पूर्व के सभी विवादों की डिटेल अपडेट पुलिस कर रही है।

परदेस से घर लौटे लोगों का पूर्व में कोई विवाद रहा है या नहीं, इसका चिह्निकरण करेंगे।

बीट सिपाही नियमित रूप से अपने क्षेत्र में जाकर विवादों, तनाव के संबंध में जानकारी लेंगे।

मोहल्ले के संभ्रात लोगों से बातचीत, उनसे संपर्क में रहकर अधिक से अधिक सूचना जुटाएंगे।

बीट कांस्टेबल अधिक से अधिक सूचनाओं को रजिस्टर में दर्ज कर थानेदार को अवगत कराएंगे।

सभी पुलिस अधिकारी रजिस्टर में दर्ज सभी प्रकार के विवादों के संबंध में सूचनाओं को चेक करेंगे।

विवाद खत्म कराने के लिए उठाई गई प्रक्रिया को निम्नानुसार रजिस्टर में दर्ज कराएंगे।

संबंधित पक्षों को भारी जुर्माना राशि लगाते हुए उनको पाबंद कराया जाएगा।

किसी तरह के शर्त के उल्लंघन की दशा में भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

विवादों के संबंधित विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों की मदद पुलिस लेगी।

लॉकडाउन में होने वाले विवादों को लेकर पुलिस एक्टिव है। हाल के दिनों में हुए विवादों की समीक्षा की गई है। एसओ को निर्देशित किया गया है कि अपने क्षेत्र में मोबाइल पुलिस रखकर गतिविधियों पर नजर रखें। छोटे विवादों की सूचना पुलिस मौके पर पहुंचे। कानून- व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।

डॉ। सुनील गुप्ता, एसएसपी