- जान चली गई, घायल हुए पर नहीं मिला सुराग

- थोड़ी दौड़भाग के बाद फाइलों पर जम गई धूल

GORAKHPUR: शहर में जब गोलियां चलती हैं तो किसी न किसी की जान जाती है। यदि कोई बच गया तो गोली उसके बदन को छेद देती है। घटना होने पर पुलिस मुकदमा दर्ज करती है। लेकिन कुछ दिनों के बाद वह भूल जाती है कि किसने दागी थी गोलियां। राजघाट एरिया में पुराने रईस के मर्डर से लेकर दवा कारोबारी की संदिग्ध मौत का मामला उलझ गया है। पुलिस को ऐसा कोई सुराग नहीं मिल पा रहा जिससे हमलावरों का सुराग लग सके। दवा कारोबारी को गोली लगने के मामले को पुलिस टीम सुसाइड मान रही। जमींदार के मर्डर में धुंधली वीडियो फुटेज के सिवा कुछ भी हाथ नहीं लग सका। इसके पूर्व भी शहर में ऐसी कई घटनाएं हुई हैं जिनका पुलिस पता नहीं लगा सकी। सीनियर ऑफिसर्स का कहना है कि फायरिंग करने वालों की तलाश चल रही है। जल्द ही घटनाओं का पर्दाफाश कर लिया जाएगा।

केस 1

कोतवाली एरिया में किया हमला, हो गए फरार

2018 के जून में डॉ। कफील के भाई कासिफ जमाल पर कोतवाली एरिया के दक्षिणी हुमायूंपुर मोहल्ले में तीन गोली मारी गई थी। प्रॉपर्टी डीलिंग करने वाले कासिफ गोरखनाथ से लौट रहे थे। इस मामले में हमलावरों का कोई सुराग नहीं लग सका। इस मामले में प्रॉपर्टी का विवाद बताया गया था। लेकिन किससे, किस तरह का झगड़ा चल रहा था। इस बात की जानकारी जुटाने में पुलिस नाकाम रही। कुछ दिनों की पड़ताल के बाद इसकी फाइल क्लोज कर दी गई। डॉ। कफील के मामा का मर्डर होने के बाद लोग उस घटना की भी चर्चा करने लगे हैं।

केस 2

शाहपुर एरिया में बैंक मैनेजर पर दागी थी ताबड़तोड़ गोली

29 सितंबर 2015 को सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के रीजनल मैनेजर डीएन यादव की शाहपुर एरिया में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। बैंक का काम निपटाने के बाद वह कार से घर लौट रहे थे। मोहल्ले में मोड़ पर पहले से खड़े बाइक सवारों ने ताबड़तोड़ गोलियां चलाकर वारदात को अंजाम दिया। इस घटना में न तो कातिल पकड़े गए, न ही मर्डर की वजह सामने आ सकी। शाहपुर थाने से लेकर विवेचना क्राइम ब्रांच तक चलती रही। मामला ठंडा पड़ने पर पुलिस भी भूल गई। संतकबीर नगर जिले के कोतवाली, बलियारी के रहने वाले दीनानाथ अपनी फैमिली संग शाहपुर के अशोक नगर मोहल्ले में रहते थे।

केस 3

गोली मारकर फोरलेन पर फेंक गए डेड बॉडी

31 जनवरी 2017 को खोराबार एरिया में फोरलेन पर युवती की डेड बॉडी मिली। गोली मारकर उसका मर्डर किया गया था। काफी दिनों तक इस मामले की छानबीन में पुलिस जुटी रही। अचानक पता लगा कि बेलीपार की रहने वाली एक युवती लापता है। कपड़े देखकर परिजनों ने उसकी पहचान अपनी बेटी के रूप में कर ली। पुलिस घटना की जांच को आगे बढ़ा पाती, इसके पहले पता लगा कि बेलीपार इलाके की युवती घर लौट आई है। तीन-चार माह तक पुलिस की छानबीन चलती रही। फिर पुलिस ने इस प्रकरण को ठंडे बस्ते में डाल दिया।

बॉक्स

'पुलिस लीला' में दफन महामंत्रियों का मर्डर

शहर के भीतर 10 माह के भीतर दो लोगों की गोली मारकर हत्या की गई थी। दोनों रामलीला कमेटी, धर्मशाला बाजार से जुड़े हुए थे। 11 जनवरी 2011 की रात कमेटी के महामंत्री कक्कू यादव को अज्ञात बदमाशों ने गोली मार दी। शाम करीब सात बजे वह अपने कमरे में अकेले मौजूद थे। तभी किसी ने उनके सिर में गोली मार दी। मकान के दूसरे कमरे में मौजूद परिजनों ने समझा कि कोई हादसा हुआ है। अस्पताल ले जाने पर गोली मारने की पुष्टि हुई। इस घटना में पुलिस कोई सुराग नहीं लगा सकी। अज्ञात शूटर को तलाशने के लिए इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस से लेकर मैनुअल मुखबिरी कराई गई। फिर भी पुलिस को कोई सटीक जानकारी नहीं मिल पाई। इस घटना को लोग भूल पाते। इसके पहले 9 नवंबर 2011 को दूसरे महामंत्री हरिमोहन शर्मा को गोली मार दी गई। हरिमोहन की हत्या उनके घर के बाहर की गई। रात में सुनसान था तभी शूटर ने उनके सिर में गोली मार दी। वह घर के सामने नाली में गिरे थे। पड़ोसियों ने समझा किसी बीमारी की वजह से यह हालत हुई। लेकिन अस्पताल ले जाने पर सामने आया कि गोली मारी गई थी। इस मामले को भी कुछ दिनों के बाद पुलिस ने ठंडे बस्ते में डाल दिया। लेकिन यह बात जरूर सामने आई कि एक भूमि को लेकर कुछ रंजिश चल रही थी।

ज्यादातर मामलों में प्रॉपर्टी का डिस्प्यूट

शहर में हाल के दिनों में हुई घटनाओं में प्रॉपर्टी का विवाद सामने आया है। पूर्व में जिन घटनाओं का पर्दाफाश नहीं हो सका उनके पीछे भी प्रॉपर्टी का मामला सामने आया। लेकिन रसूखदारों के दबाव में पुलिस को कोई सुराग नहीं मिल सका। हर घटना के बाद यह चर्चा रही है कि इसमें किसका हाथ हो सकता है। फिर भी ठोस सबूतों के अभाव का हवाला देकर पुलिस पीछे हटती चली गई। राजघाट में जमींदार के मर्डर में पुलिस को इतने विवाद मिले हैं कि सारी जांच बेनतीजा होती जा रही। पुलिस इस बात पर फोकस नहीं कर पा रही जिससे कातिल का पता लग सके।

वर्जन

राजघाट में हुई घटना की जांच पड़ताल चल रही है। जल्द ही शूटर का पता लगा लिया जाएगा। कुछ लोगों से पूछताछ में अहम जानकारी मिली है। जिसके आधार पर जांच का दायरा बढ़ा दिया गया है।

डॉ। सुनील गुप्ता, एसएसपी