-सिटी के विभिन्न एरिया में सुबह से शाम तक बिजली करती रही आंख मिचौली

- जेल बाईपास के पास जल निगम की लापरवाही से छह लाख से अधिक रकम का अंडरग्राउंड केबिल क्षतिग्रस्त

-जेई ने जल निगम केअफसरों के खिलाफ दिया तहरीर

-केबिल, फाल्ट खोजने में हो गई आधी रात, ओवर हेड से दी गई सप्लाई

GORAKHPUR: उमस भरी गर्मी में सिटी के पादरी बाजार उपकेंद्र से जुड़े सरस्वतीपुरम्, शताब्दीपुर, व्यास नगर, शिवपुर सहबाजगंज सहित कई एरियाज में दिन भर बिजली आंख मिचौली करती रही। जिसके कारण लोगों की दिनचर्या प्रभावित रही। लोगों ने जब इसके बारे में जानना चाहा तो जिम्मेदारों की तरफ से कोई रिस्पांस नही मिला।

कुछ देर बाद बिजली कर्मियों से संपर्क हुआ तो पता चला कि जेल बाईपास के पास गुरूवार की रात 2 बजे जल निगम द्वारा जेसीबी से खुदाई कराए जाने के दौरान करीब छह लाख कीमत की अंडरग्रांउड केबिल कट गई। जिससे बिजली सप्लाई बंद हो गई। हालांकि बिजली कर्मचारियों ने रात में ही मरम्मत करने का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद सुबह ओवर हेड के माध्यम से सप्लाई बहाल की गई तो लोगों ने राहत की सांस ली। उधर उपकेंद्र के जेई अजय कुमार सिंह ने इस संबंध में शाहपुर थाने में जल निगम के अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता और अवर अभियंता के खिलाफ तहरीर दे दी है। जिसके आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।

दो ट्रांसफार्मर जला, अफसरों ने की जांच

गोरखनाथ एरिया के रामनगर कटहिया में गुरुवार की रात 2.30 बजे एलटी केबिल में फाल्ट होने की वजह से 630 केवीएस, जबकि राप्तीनगर के महादेवपुरम मोहल्ले में 400 केवीए का ट्रांसफार्मर जल गया। ट्रांसफार्मर जलने से करीब 100 घरों में लाईट गुल हो गई। गर्मी में लोगों ने किसी तरह से छत पर रात काटी। मिली जानकारी के अनुसार एसई सिटी यूसी वर्मा, एक्सईएन यदुनाथ राम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। शुक्रवार की सुबह ट्रांसफार्मर बदल कर सप्लाई चालू किया गया तो लोगों ने राहत की सांस ली।

बिछिया में टूटा तार सप्लाई ठप

बिछिया एरिया मे शुक्रवार की दोपहर 11 केवी का तार टूटने की वजह से एरिया की सप्लाई बंद हो गई। सूचना पर पहुंचे बिजली कर्मचारियों ने मरम्मत किया तब जाकर शाम 4 बजे तक सप्लाई बहाल हो सकी।

कोट

लॉकडाउन के बाद सिटी की बिजली काफी हद तक सुधरी है। मगर पिछले दो दिनों से फाल्ट की वजह से दिन और रात में लाइट कट रही है। लोगों को गर्मी में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

अजय राज सिंह

डेली फाल्ट की समस्या उत्पन्न हो रही है। सुबह अचानक लाइट कटने से पानी का संकट गहरा गया। बिजली कर्मचारियों से इस बारे में बात करने की कोशिश की तो कोई रिस्पांस नहीं मिला। कुछ देर बाद पता चला कि फाल्ट ठीक कराया जा रहा है।

विद्या राय

लॉकडाउन में परिवार के सभी सदस्य घर पर हैं। इस दौरान अगर बत्त्ती गुल हो जाती है तो बच्चें परेशान करते हैं। क्योंकि इस समय उनका एक मात्र सहारा टीवी है। लाइट न होने से सुबह की दिनचर्या भी प्रभावित होती है।

राघवेंद्र पांडेय

वर्जन

जल निगम ने बिना अनुमति लिए ही जेसीबी से खुदाई कर पाइप लाइन बिछा रही थी। खुदाई में अंडरग्राउंड केबिल चार जगह से ब्रेक हो गया। इसके कारण निगम को करीब छह लाख रुपए का नुकसान हुआ है। जिम्मेदारों के खिलाफ शाहपुर थाने में केस दर्ज कराया गया है।

अजय कुमार सिंह, अवर अभियंता