- यूपी के उपमुख्यमंत्री की सुरक्षा में की हुई चूक

- चौराहों पर लगी डयूटी से पुलिस कर्मी थे गायब

- कंकर खेड़ा ओवर ब्रिज के पास हुआ यह सड़क हादसा

-एडीएम सिटी का चालक हुआ घायल

मेरठ। पुलिस अधिकारियों की चूक के कारण यूपी के उपमुख्यमंत्री सड़क हादसे का शिकार होते- होते बाल-बाल बच गए। हादसे में एडीएम सिटी की गाड़ी काफी दूर तक घसीटती चली गई। जिसमें एडीएम सिटी का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया।

कार्यक्रम से लौट रहे थे

यूपी के उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा शुक्रवार को चौ.चरण सिंह विवि में आयोजित कार्यक्रम में मेरठ आए थे। शुक्रवार शाम चार बजे वह कार्यक्रम के बाद लखनऊ जाने के लिए परतापुर हवाई पट्टी पर जाने के लिए गाड़ी में रवाना हुए। कंकर खेड़ा आर्मी बेस वर्कशॅाप के पास ओवर ब्रिज के नजदीक उनके काफिले में एक जानवर घुस गया। जानवर को बचाने के कारण काफिले में हाई स्पीड में चल रही गाडि़यां अनियंत्रित हो गई। इस बीच उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा जिस गाड़ी में सवार थे उनकी गाड़ी भी अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। इसके बाद एक के बाद एक गाडि़यां आपस में टकराती रही। काफिले में चल रही एडीएम सिटी मुकेश चंद्र व पूर्व विधायक की गाड़ी भी काफी दूर तक घसीटती हुई चली गई। इस दौरान एडीएम सिटी की गाड़ी पलटते पलटते बच गई। हादसे में एडीएम सिटी की गाड़ी का चालक घायल हो गया। जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। काफिले में जानवर के आने से पुलिस अधिकारियों में खलबली मच गई। घटना के करीब बीस मिनट बाद काफिला अपने गतंव्य को रवाना हो सका।

लापरवाही छिपाते रहे अधिकारी

जीरो माइल स्टोन से सरधना बाईपास तक सीओ दौराला की जिम्मेदारी दी गई थी। इसके साथ वहां पर सभी पुलिसकर्मियों पर निगाहें रखना भी इनकी डयूटी थी। लेकिन वह अपनी जिम्मेदारी से बचते रहे। वहीं, सीओ लाइन रामकरन सिंह को फ्लीट का इंचार्ज बनाया गया था। उनका कहना है कि उनकी फ्लीट में करीब 12 गाडि़यां चल रही थी। यह घटना कब हुई उन्हें इसकी जानकारी नहीं है।

-------------

वर्जन

उनकी गाडि़यों के सामने कौन आ रहा है यह जिम्मेदारी स्थानीय पुलिस कर्मियों की होती है। इसलिए उनकी हर चौराहे पर डयूटी लगाई जाती है।

रामकरन सिंह, सीओ लाइन व फ्लीट इंचार्ज

-----------------------

कंकर खेड़ा ओवर ब्रिज के पास उप मुख्यमंत्री की गाड़ी भिड़ने की उन्हें जानकारी नहीं है। उनकी डयूटी सरधना बाईपास पर थी।

महेश चंद्र, एसएसआई कंकरखेड़ा थाना

------------------------

जीरो माइल चौराहे से सरधना बाईपास तक उनकी डयूटी लगी हुई थी। इस बीच उपमुख्यमंत्री के काफिले में आपस में कैसे गाडि़यां भिड़ गई। इसकी जानकारी उनके पास नहीं है।

पंकज कुमार सिंह सीओ दौराला

कंकर खेड़ा ओवर ब्रिज के पास उप मुख्यमंत्री के काफिले में चल रही उनकी गाड़ी एक पूर्व विधायक की गाड़ी से टकरा गई। इसके बाद उनका चालक घायल हो गया।

मुकेश चंद्र एडीएम सिटी

दोपहर को भी हुआ था हादसा

इससे पूर्व दोपहर को जब डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा दामोदर कॉलोनी में किठौर विधायक सतवीर त्यागी के आवास पर मिलने गए थे। वहां से लौटते समय आनंद हॉस्पिटल के सामने डिप्टी सीएम के काफिले में चल रही एक फॉ‌र्च्यूनर कार ने आगे चल रहे बाइक सवार युवक सिसौली निवासी देवेंद्र को टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। जिसके बाद घायल युवक को हॉस्पिटल में भर्ती कराया था। इसके बाद भी पुलिस अधिकारियों ने कोई सबक नहीं लिया। चंद घंटे बीतने के बाद भी दोबारा लापरवाही सामने आई।