CHAKULIYA : राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि प्रदेश केच्बच्चों में प्रतिभा की कमी नहीं है। केवल पढ़ाई ही नहीं नृत्य संगीत, खेलकूद समेत अन्य विधाओं में भी राज्य के बच्चे बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। ऐसे प्रतिभाशाली बच्चों को प्रोत्साहित करना जरूरी है। यह काम आशीर्वाद संस्था के जरिए डॉ दिनेशानंद गोस्वामी बखूबी कर रहे हैं। महामहिम शनिवार को पूर्वी सिंहभूम जिला के चाकुलिया में आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रही थीं। राज्यपाल ने कहा कि बहरागोड़ा विधानसभा क्षेत्र 3 राज्यों की त्रिवेणी संगम पर अवस्थित है। यहां उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए चाकुलिया में वे डिग्री कॉलेज खोलने हेतु पहल करेंगी। राज्य सरकार से प्रदेश के सभी प्रखंडों में एक-एक डिग्री कॉलेज तथा सभी पंचायतों में एक-एक उच्च विद्यालय खोलने को लेकर बात करेंगी। प्रखंड स्तर पर कॉलेज नहीं होने से गरीब अभिभावक अपने बच्चों को पढ़ने के लिए बाहर नहीं भेज पाते। सबसे अधिक परेशानी लड़कियों को होती है।

शिक्षा को बढ़ावा देना जरूरी

महामहिम ने कहा कि किसी भी समाज में शिक्षा ही विकास की कुंजी होती है। इसलिए शिक्षा को बढ़ावा देना सबसे जरूरी है। सम्मानित होने पहुंचे बच्चों से राज्यपाल ने कहा कि यह आपका आखिरी नहीं बल्कि पहला सम्मान होना चाहिए। अपने पुरुषार्थ के बल पर जीवन में और आगे बढ़े तथा देश दुनिया में नाम रोशन करें। उन्होंने अभिभावकों से कहा कि बच्चों को जिस क्षेत्र में जाने की रुचि हो उन्हें उसी क्षेत्र के लिए प्रोत्साहित करें। रोजगार की ²ष्टि से व्यवसायिक शिक्षा भी बेहतर विकल्प है। आशीर्वाद संस्था की प्रशंसा करते हुए राज्यपाल ने कहा कि मेधावी छात्रों को सम्मानित करने के अलावा यह संस्था गरीब बेटियों की शादी भी करा रही है जो कि काफी सराहनीय है।

इन्होंने किया संबोधित

समारोह को घाटशिला विधायक लक्ष्मण टुडू, आशीर्वाद संस्था के संयोजक डॉ दिनेशानंद गोस्वामी, पद्मश्री जमुना टुडू, भाजपा नेता देवेंद्र सिंह, चंडीचरण साव, भरत सिंह आदि ने भी संबोधित किया। संचालन 20 सूत्री अध्यक्ष शंभूनाथ मल्लिक एवं धन्यवाद ज्ञापन जिला पार्षद जगन्नाथ महतो ने किया। कार्यक्रम में डीसी रविशंकर शुक्ला, एसएसपी अनूप बिरथरे, ग्रामीण एसपी पियूष पांडे, एडीएम विधि व्यवस्था सुबोध कुमार, एसडीओ अमर कुमार, एसडीपीओ रणवीर सिंह, भाजपा नेता दिनेश सिंह, सुशील शर्मा, सतदल महतो, संध्या रानी सरदार आदि उपस्थित थे।

युवाओं के लिए गर्व का विषय

प्रतिभा सम्मान समारोह के आयोजक भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ दिनेशानंद गोस्वामी ने कहा कि चाकुलिया के युवाओं के लिए यह गर्व का विषय है कि महामहिम स्वयं उन्हें सम्मानित करने यहां पहुंची हैं। शिक्षा के क्षेत्र में चाकुलिया पिछड़ा हुआ है। यहां एक डिग्री कॉलेज की सख्त दरकार है। कॉलेज के अभाव में लड़कियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने राज्यपाल से इस संबंध में पहल करने का अनुरोध किया। स्वरोजगार के लिहाज से महिला आईटीआई कॉलेज खोलने की मांग भी गोस्वामी ने की। सम्मानित हो रहे युवाओं से लगन के साथ पढ़ाई करने तथा अच्छा नागरिक बनकर देश की सेवा करने का आह्वान किया।

भारत बनेगा विश्व गुरु

घाटशिला विधायक लक्ष्मण टुडू ने प्रतिभा सम्मान समारोह में कहा कि युवा प्रतिभाओं के बल पर ही भारत विश्व गुरु बनेगा। हाल ही में इसरो के वैज्ञानिकों ने अपनी प्रतिभा का परचम लहराते हुए चंद्रयान 2 को अंतरिक्ष में भेजा। यहां सम्मानित हो रहे बच्चे भी आगे चलकर डॉक्टर इंजीनियर एवं वैज्ञानिक बन सकते हैं। प्रतिभाओं को निखारने का जो काम आशीर्वाद संस्था द्वारा किया जा रहा है इसके लिए दिनेशानंद गोस्वामी एवं उनकी पूरी टीम बधाई की पात्र है। विधायक ने कहा कि घाटशिला अनुमंडल में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। इसी तरह अगर उनका उत्साहवर्धन किया जाता रहा तो आने वाले दिनों में यहां की प्रतिभा पूरे देश में ध्रुव तारा की तरह चमकेगी।