BAREILLY: शादी में दूल्हा शराब पीकर पहुंचा तो दुल्हन ने शादी से इनकार कर दिया। जिसके बाद काफी देर तक लड़के पक्ष के लोग दुल्हन को समझाने की कोशिश करते रहे, लेकिन वह अपने फैसले पर अडिग रही। आखिरकार दुल्हन पक्ष ने भी शराबी दूल्हे से शादी करने से इनकार कर दिया और शादी के इंतजाम में खर्च हुए रुपए की डिमांड दूल्हे पक्ष से की। आरोप है जब वर पक्ष ने खर्चा देने से इनकार किया तो आधा दर्जन लोगों को बंधक बना लिया। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची, लेकिन दोनों पक्षों ने बंधक बनाने की बात से इनकार कर दिया और फैसला करने की बात कही.

 

सात लाख मांगा खर्चा

भोजीपुरा के गांव दलपतपुर निवासी चन्द्रपाल की बारात पीपलसाना चौधरी पुत्तू लाल के घर पर मंडे को पहुंची थी। बारात में सभी बाजे-गाजे पर डांस कर रहे थे। बारात में बग्गी पर बैठा दूल्हा नशे में टल्ली था। वह होशहवास में नहीं था। गेट पर जैसे ही महिलाएं दूल्हे की आरती उतारने के लिए पहुंची तो वह दूल्हे को नशे में देखकर दंग रह गई। जानकारी दुल्हन को हुई तो वह भड़क गई और फेरे लेने से इनकार कर दिया। मामला दोनों पक्षों को पता चला तो दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। मामला बिगड़ता देख बारात में आए बाराती अपने-अपने रास्ते से निकल लिए। दुल्हन पक्ष ने दूल्हे पक्ष के जिम्मेदार लोगों को बंधक बना लिया। आरोप है दुल्हन पक्ष के लोगों ने बारात इंतजाम में खर्च हुए सात लाख रुपए मांगे। जिसको लेकर मामला पुलिस तक पहुंचा लेकिन देानों पक्षों ने पुलिस कार्रवाई से इनकार कर दिया।