RANCHI

रिम्स में भर्ती एक मरीज के अटेंडेंट को गार्ड ने पिछले गेट से अंदर जाने से रोका तो उसने गार्ड के साथ मारपीट की और उसकी एक उंगली में दांत गड़ा दिए, जिसके बाद उस गार्ड ने उसपर अपना गुस्सा निकाल दिया। दोनों में जमकर हाथापाई भी हुई। हंगामे के बाद आसपास मौजूद लोग इकट्ठा हो गए। घटना की सूचना किसी ने सुपरवाइजर को दी। सुपरवाइजर ने मौके पर पहुंच कर मामले को शांत कराया और दोनों के बीच सुलह कराई। साथ ही अटेंडेंट को दोबारा ऐसा नहीं करने की वार्निग दी गई। इसके बाद गार्ड का तत्काल इलाज कराया गया और उसे दवाइयां भी दी गई।

अज्ञात महिला की इलाज के दौरान मौत

लोअर बाजार थाना पुलिस ने शनिवार देर रात एक अज्ञात महिला को गंभीर स्थिति में सदर हास्पिटल में भर्ती कराया, जहां अहले सुबह उस महिला ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। उसके सिर में काफी चोट लगी थी। पुलिस ने उसके पास से एक आई कार्ड बरामद किया है, जिसमें उसका नाम सीमा टोप्पो और उसके पति का नाम लेट मनीष सिल्वेस्टर टोप्पो लिखा है। उसका पता रांची यूनिवर्सिटी, हातमा बस्ती कांके लिखा हुआ है। ऐसे में यह आशंका जताई जा रही है कि वह महिला रांची यूनिवर्सिटी की स्टाफ तो नहीं है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। फिलहाल कोई उसका शव लेने नहीं आया है।

रिम्स लाया गया अज्ञात महिला का शव

पंडरा थाना क्षेत्र से पुलिस ने 45 वर्षीय अज्ञात महिला का शव बरामद किया है। पंडरा थाना पुलिस ने उसे उठाकर रिम्स पहुंचाया है। लाश को मॉर्चुअरी में रखा गया है। पुलिस ने इस बाबत मामला दर्ज कर लिया है।

कार ने तीन को रौंदा, दो की मौत, एक घायल

नगड़ी थाना क्षेत्र के सेंबो में रविवार को एक तेज रफ्तार कार ने तीन लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। इस दुर्घटना में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं इस घटना में एक महिला का पैर टूट गया है। उसे इलाज के लिए हास्पिटल ले जाया गया है। पुलिस ने कार ड्राइवर को अरेस्ट कर लिया है।