मृतका सीमा गुप्ता के पिता ने दामाद समेत अन्य ससुरालियों पर लगाया हत्या का आरोप

-शादी के बाद से आए दिन पैसे की डिमांड के साथ ही पांच लाख रुपए की मंागने का लगाया आरोप

ALLAHABAD: फाफामऊ के शांतिपुरम कॉलोनी में तीन दिन पूर्व हुई सीमा गुप्ता मर्डर केस में नया मोड़ आया है। मृतका के पिता मणिराम साहू ने बेटी की हत्या का जिम्मेदार दामाद, सास व ससुर को ठहराया है। मायके पक्ष की तरफ से सोरांव पुलिस को तहरीर मिलने के बाद जांच शुरू कर दी गई। बता दें कि सीमा की हत्या उस वक्त की गई थी, जब वह रोजाना की तरह मार्निग वॉक पर अकेले घर से निकली थी। घर से कुछ दूरी पर बदमाशों ने उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने इस मामले में ससुराल वालों की तरफ से अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच कर रही है। बदमाशों ने सीमा की हत्या करने के बाद उसके पास से सोने की चेन, अंगूठी व चांदी का पायल लूट ली थी। पुलिस इस हत्या की कई एंगल से जांच कर रही है।

अक्सर करते थे पैसे की डिमांड

प्रतापगढ़ जनपद के रानीगंज के रहने वाले सीमा गुप्ता के पिता मणिराम साहू बृहस्पतिवार को सोरांव थाने पहुंचे। यहां उन्होंने पुलिस को दामाद, ससुर व सास के खिलाफ दहेज उत्पीड़न व हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। पिता ने बताया कि पंकज अक्सर बेटी से पैसे की डिमांड करता था। पहली बार पंकज को बीस हजार व दूसरी बार उसकी जरूरत पर तीस हजार रुपए दिए थे। लेकिन उसकी डिमांड कम होने की बजाय और बढ़ती जा रही थी। इस बार राखी पर बेटी पंकज के साथ आयी थी। उस वक्त पंकज ने बताया कि उसकी नौकरी को खतरा है। जिसके बाद उसे लाखों रुपए की जरूरत है। अगर पैसा नहीं दिया गया तो उसकी नौकरी चली जाएगी। फोन पर भी बेटी से बात करने पर उसने प्रताडि़त करने की बात बताई थी। लेकिन लाज-शर्म के कारण किसी तरह समझौते की बात चलती रही। लेकिन पंकज व उसके माता-पिता मानने को तैयार नहीं थे। इतना ही नहीं फोन करने पर काफी जिद के बाद बात कराई जाती थी। पिता का आरोप है कि पंकज व अन्य लोगों ने बेटी की मिलकर हत्या की है।

वर्जन

मृतका के पिता ने पंकज व अन्य लोगों के खिलाफ बेटी की हत्या का आरोप लगाया है। आरोपों की जांच की जा रही है। सही पाए जाने पर सभी अरोपियों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट कर की जाएगी।

-सुनील कुमार सिंह, एसपी गंगापार