1. गुमनाम चिठ्ठी :
इस पूरे मामले की शुरुआत एक गुमनाम खत से हुई थी। ये खत 13 मई 2002 को तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को लिखा गया था। इस खत को किसने लिखा यह किसी को नहीं पता। बस इतना मालूम है कि सिरसा के डेरा सच्चा सौदा में रहने वाली किसी महिला ने आपबीती सुनाते हुए यह खत लिखा था। खत में एक लड़की ने सिरसा डेरा सच्चा सौदा में गुरु राम रहीम के हाथों अपने यौन शोषण का जिक्र किया। इसमें साध्वी ने लिखा कि वह पंजाब की रहने वाली है और सिरसा के डेरा सच्चा सौदा में पांच साल से रह रही है। साध्वी ने इंसाफ की गुहार लगाई थी और यह भी कहा था कि मैं अपना नाम-पता लिखूंगी तो मुझे मार दिया जाएगा।

वो 6 हीरो जिन्‍होंने राम रहीम को पहुंचाया सलाखों के पीछे
2. पत्रकार रामचंद्र छत्रपति :
राम रहीम के कुकर्मों का काला सच एक स्थानीय अखबार के जरिए सामने आया था। 'पूरा सच' नाम के एक दैनिक समाचार पत्र ने पहली बार पीड़िता के खत को सबके सामने ला दिया। बस यहीं से राम रहीम के पापों की उलटी गिनती शुरु हो गई। अखबार के पत्रकार रामचंद्र छत्रपति ने राम रहीम की काली करतूतों को प्रकाशित किया। हालांकि कई बार उन्हें धमकी भी मिली। इसके बावजूद छत्रपति ने जान की परवाह न करते हुए राम रहीम के खिलाफ खबरें लिखना जारी रखा। 24 अक्टूबर 2002 को छत्रपति को घर से बुलाकर पांच गोलियां मार दी गईं और उनकी मौत हो गई। यह हमला भी राम रहीम ने ही करवाया था।

वो 6 हीरो जिन्‍होंने राम रहीम को पहुंचाया सलाखों के पीछे
3. पीड़िताओं की हिम्मत :

गुमनाम खत और अखबार में राम रहीम के खिलाफ चल रही खबरों से पीड़िताओं का मनोबल बढ़ गया। उन्होंने अंबाला में पुलिस के सामने अपने साथ हुए रेप की आपबीती सुनाई। यह सब इतना आसान नहीं था। गवाहों पर लगातार दबाव बनाया जाता रहा। इनमें से एक महिला के ससुराल वालों को जब इस बात की जानकारी हुई, तो उन्होंने पीड़ित महिला को घर से निकाल दिया। दोनों लड़कियों के परिवारों को हर वक्त डर लगा रहता। लड़की और उनके परिवार को धमकियां मिलने लगीं। बाद में उन्हें पुलिस सुरक्षा दी गई। पुलिस वाले उनके घर के बाहर तंबू डाल कर पूरे वक्त मौजूद रहते। एक रात उनका तंबू जला दिया गया और लड़की के परिवार को धमकी दी गई कि जैसे ये तंबू जलाया है, तुम्हें भी जला देंगे। पुलिस का टेंट जलाने के मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज हुआ था। इसके बाद लड़की को परिवार समेत अंडरग्राउंड होना पड़ा था।

वो 6 हीरो जिन्‍होंने राम रहीम को पहुंचाया सलाखों के पीछे
4. पंजाब हरियाणा हाई कोर्ट :
राम रहीम को जेल पहुंचाने में पंजाब हरियाणा हाई कोर्ट की भूमिका भी अहम रही। कोर्ट ने स्वत: संज्ञान लेते हुए इस मामले की जांच की। हाई कोर्ट ने सिरसा डिस्ट्रिक्ट और सेशन जज को चिट्ठी में लगाए गए आरोपों की जांच का निर्देश दिया। जिला अदालत द्वारा यौन शोषण की आशंका जताए जाने के बाद हाईकोर्ट ने केस CBI को सौंप दिया।

वो 6 हीरो जिन्‍होंने राम रहीम को पहुंचाया सलाखों के पीछे
5. सीबीआई के डीएसपी सतीश डागर :

सीबीआई के जाबांज डीएसपी सतीश डागर न होते तो यह केस अपने मुकाम पर नहीं पहुंच पाता। सतीश डागर ने ही साध्वियों को सामने आने के लिए मानसिक रूप से तैयार किया था। सतीश डागर पर भी बहुत दबाव पड़ा, मगर वे नहीं झुके। बड़े-बड़े आईपीएस ऐसी हिम्मत नहीं जुटा पाते हैं मगर डीएसपी सतीश डागर ने कमाल का साहस दिखाया। पहले सीबीआई कोर्ट अंबाला में हुआ करती थी। जब ये लोग वहां सुनवाई के लिए जाते थे तब वहां भी बाबा के समर्थकों की भीड़ आतंक पैदा कर देती थी। हालत यह हो गई कि जिस दिन सुनवाई होती थी और बाबा की पेशी होती थी उस दिन अंबाला पुलिस लाइन के भीतर एसपी के ऑफिस में अस्थायी कोर्ट बनाया जाता था। इसके बावजूद सतीश डागर ने हिम्मत नहीं हारी और कुकर्मी राम रहीम को सलाखों के पीछे पहुंचाकर ही दम लिया।

वो 6 हीरो जिन्‍होंने राम रहीम को पहुंचाया सलाखों के पीछे
6. सीबीआई कोर्ट के जज जगदीप सिंह :

जगदीप सिंह को पिछले साल ही सीबीआइ के विशेष जज के तौर पर पदस्थ किया गया है। जगदीप सिंह को बेहद न्यायप्रिय, सक्षम, कठोर, और सटीक रवैये वाले अधिकारी के तौर पर जाना जाता है। सीबीआइ की विशेष अदालत में उनके सहयोगी भी उनकी शैली और प्रतिभा की तारीफ करते हैं। ऐसे में 25 अगस्त को जब राम रहीम केस की सुनवाई हुई, तब जगदीप सिंह ने कानून और संविधान के मुताबिक अपना फैसला सुनाया। जगदीप सिंह ने बिना किसी दबाव के राम रहीम को दोषी ठहराया।

वो 6 हीरो जिन्‍होंने राम रहीम को पहुंचाया सलाखों के पीछे

National News inextlive from India News Desk

 

Interesting News inextlive from Interesting News Desk