मुंबई (एएनआई)। H3N2 Virus : कोरोना वायरस के बाद देश में अब नए वायरस एच3एन2 इन्फ्लूएंजा काे लेकर अलर्टनेस बढ़ा दी गयी है। अब तक सामने आए मामलों को देखते डाॅक्टर्स का कहना है कि एच3एन2 वायरस सबसे ज्यादा बच्चों और बुजुर्गों पर हमला कर रहा है। वहीं इस बीच महाराष्ट्र में एच3एन2 इन्फ्लूएंजा वायरस के मामलों में वृद्धि के बीच, बृहन्मुंबई नगर निगम ने कहा कि मुंबई में 32 रोगियों को भर्ती किया गया है। बीएमसी ने एक बयान में कहा, सभी मरीज फिलहाल स्थिर स्थिति में हैं। इन्फ्लूएंजा के मामलों में स्पाइक के बीच, राज्य सरकार गुरुवार को मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उनके डिप्टी देवेंद्र फडणवीस की उपस्थिति में एक बैठक करेगी।

एच3एन2 के संबंध में एक बैठक होगी

राज्य के स्वास्थ्य मंत्री तानाजी सावंत ने बुधवार को विधानसभा को सूचित किया, मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री की उपस्थिति में कल एच3एन2 के संबंध में एक बैठक होगी। तानाजी सावंत ने आगे बताया कि राज्य में अब तक 352 मरीज एच3एन2 वायरस से पीड़ित पाए गए हैं। उनका अभी इलाज चल रहा है और सभी अस्पतालों को अलर्ट पर रखा गया है। एच3एन2 घातक नहीं है। इसे समय रहते उचित इलाज से ठीक किया जा सकता है। घबराने की कोई जरूरत नहीं है।

इन्फ्लुएंजा वायरस से दो लोगों की मौत

संदिग्ध एच3एन2 इन्फ्लुएंजा वायरस संक्रमण से दो लोगों की मौत नागपुर से हुई है, जबकि एक अन्य की अहमदनगर जिले से रिपोर्ट की गई है। 13 मार्च तक महाराष्ट्र में इन्फ्लूएंजा के लिए परीक्षण किए गए रोगियों की कुल संख्या 2,56,424 थी। कुल संदिग्ध मरीजों की संख्या 1406 बताई गई है। स्वाइन फ्लू वायरस एच1एन1 से पीड़ित मरीजों की संख्या 303 थी जबकि एच3एच2 से पीड़ित मरीजों की संख्या 58 थी। अब तक अस्पताल में भर्ती मरीजों की संख्या 48 है।

मार्च के अंत से कमी आने की उम्मीद

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक मौसमी इन्फ्लूएंजा से पैदा होने वाले मामलों में मार्च के अंत से कमी आने की उम्मीद है। ज्यादातर मामलों में, खांसी और सर्दी, शरीर में दर्द और बुखार जैसे लक्षण होते हैं। आमतौर पर एक या एक सप्ताह के भीतर ठीक हो जाता है। हालांकि, संभावित रूप से शिशु, छोटे बच्चे, गर्भवती महिलाएं, 65 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्गों के लिए यह परेशानी वाला हो सकता है,जिनके लिए अस्पताल में भर्ती होने की भी आवश्यकता होती है।

National News inextlive from India News Desk