- हजरतगंज स्थित हज कमेटी कार्यालय की चारदीवारी पर भगवा रंग

- उलेमाओं ने जताया विरोध, राज्यमंत्री ने विवादों को बताया बेमानी

LUCKNOW : सचिवालय समेत सरकारी कार्यालयों और आवासों पर भगवा रंग चढ़ने के बाद हज कमेटी के दफ्तर की चारदीवारी को भी भगवा रंग से पेंट किए जाने से सूबे की सियासत गर्माने लगी है। शुक्रवार को हजरतगंज स्थित हज कमेटी कार्यालय की चारदीवारी पर भगवा रंग चढ़ने से नाराज उलेमाओं और विपक्षी दलों ने राज्य सरकार को आड़े हाथों लिया तो वहीं राज्यमंत्री मोहसिन रजा ने विवादों को बेमानी करार देते हुए कहा कि भगवा रंग खुशहाली का प्रतीक है।

पहले था सफेद व हरा रंग

मालूम हो कि शुक्रवार सुबह जब लोगों ने हज कमेटी कार्यालय की बाउंड्री पर भगवा रंग चढ़ा देखा तो हड़कंप मच गया। हज कमेटी के कर्मचारियों के मुताबिक इससे पहले कार्यालय पर सफेद व हरे रंग से पुताई की जाती थी। इसके बाद यह चर्चा भी फैलने लगी कि हज उड़ान रवानगी से पहले सरोजनी नगर स्थित हज हाउस को भी भगवा रंग में रंगने की योजना है। फिलहाल इस मामले को लेकर अफसरों ने चुप्पी साध ली है।

सचिवालय से हुई शुरुआत

याद रहे कि सरकारी इमारतों पर भगवा रंग पेंट करने की शुरुआत एनेक्सी से हुई थी। इसके बाद तमाम अन्य सरकारी दफ्तरों में भी इसी तर्ज पर भगवा रंग से चारदीवारी, गुंबद इत्यादि पेंट किए जाने लगे। कुछ मंत्रियों ने भी अपने आवासों में भगवा रंग कराकर सुर्खियां बटोरनी शुरू कर दी। अब हज कमेटी कार्यालय में भी इस रंग का इस्तेमाल होने से नया बखेड़ा खड़ा हो गया है।

धर्मगुरुओं ने जताया विरोध

हज कमेटी कार्यालय पर भगवा रंग चढ़ने पर मुस्लिम धर्मगुरुओं ने इसको बांटने वाली सियासत करार देते हुए कहा कि सरकार अपने सबका साथ सबका विकास के रास्ते से भटक गई है। अव वो रंग के आधार पर समाज को बांटने की कोशिश कर रही है। सरकार को इन फिजूल चीजों से दूर रह कर शिक्षा, सुरक्षा और युवाओं को रोजगार देने के बारे में सोचना चाहिए। चुनी हुई सरकार को सबके लिए काम करना चाहिए।

बोले धर्मगुरु

यह सरकार का अपना अधिकार क्षेत्र है उसकी जो मर्जी आये करें। लेकिन उसके काम से किसी की भावनाएं आहत नहीं होनी चाहिए। सरकार को रोजगार, शिक्षा, सुरक्षा पर ध्यान देना चाहिए। इस तरह के कामों से विकास नहीं होता। यह सोच समाज को तोड़ने वाली है।

मौलाना मुफ्ती इरफान मियां फरंगी महली, सुन्नी धर्म गुरु

2. दीवारे भगवा रंगवाने से विकास नहीं आएगा। जिस तरह से भगवाकरण किया जा रहा है। समाज को रंगों के हिसाब से बांटा जा रहा है। अब वो घर कहेंगे कि घरों को भगवा रंग में रंगों तो वो भी रंगा जाएगा। लेकिन चुनी हुई सरकार सबकी है। वो किसी समुदाय व विशेष वर्ग की नहीं है। यह सरकार को सोचना चाहिए।

मौलाना सैफ अब्बास, शिया धर्मगुरु

बोले जिम्मेदार

हज कमेटी कार्यालय की दीवारें धूल और मिट्टी से काफी खराब हो गई थीं। इसलिए इसका रंग रोगन किया गया। जो बाहरी दीवारों पर कलर किया गया है उस कलर पर धूल मिट्टी का असर कम होता है। शेष इमारत का रंग अभी भी सफेद ही है।

आर पी सिंह, सचिव हज कमेटी