मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर लगाया दहेज हत्या का आरोप

पोस्टमार्टम हाउस पर किया हंगामा, पुलिस पर मिलीभगत का आरोप

ALLAHABAD: आए दिन होने वाली दहेज की मांग से परेशान विवाहिता ने आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस बीच कानपुर से आए मायके पक्ष के लोगों ने ससुराल पक्ष पर दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए पोस्टमार्टम हाउस पर जमकर हंगामा किया। वे पुलिस पर ससुराल वालों से मिलीभगत का आरोप भी लगा रहे थे।

2014 में हुई थी शादी

कानपुर के चकेरी थाना क्षेत्र के बालेन्द्र राय ने फरवरी 2014 में बेटी कोमल की शादी धूमनगंज क्षेत्र के प्रीतम नगर मोहल्ले के आशीष कुमार से की। शादी के कुछ दिन तक तो सबकुछ ठीकठाक रहा, लेकिन फिर अचानक दहेज को लेकर ससुराल वालों ने कोमल को प्रताडि़त करना शुरू कर दिया। मायके वालों का कहना था कि वे पांच लाख रुपए की मांग कर रहे थे। जानकारी के बाद उन्होंने ससुराल वालों से मिलकर उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने एक न सुनी। इस दौरान लगातार कोमल का उत्पीड़न जारी रहा। इस प्रताड़ना से तंग आकर शुक्रवार की रात कोमल ने फांसी लगा कर खुदकुशी कर ली। ससुराल वालों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने लाश का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। देर रात जब मायके पक्ष के लोगों को बेटी के मौत की जानकारी हुई तो वे इलाहाबाद के लिए निकल पड़े।

पंचनामा में पुलिस ने किया खेल

पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे परिवार वालों ने जमकर हंगामा किया। मां किरन देवी का कहना था कि बेटी को दहेज के लिए रोज मारापीटा जाता था। परिवार के लोगों का कहना था कि पुलिस ने मिलीभगत कर पंचनामा भर दिया है। नियम के अनुसार मायके पक्ष के लोगों के आने का इंतजार नहीं किया गया। वे दुबारा पंचनामा भरे जाने की मांग कर रहे थे। इस दौरान पोस्टमार्टम हाउस पर ससुराल पक्ष की ओर से कोई भी मौजूद नहीं था।