कानपुर। फिल्म इंडस्ट्री के सबसे एनर्जेटिक एक्टर्स में शुमार रणवीर सिंह आज 35 साल के हो गए। रणवीर को बाॅलीवुड में करीब एक दशक हो गया। साल 2010 में आई फिल्म 'बैंड बाजा बारात' से अपने करियर की शुरुआत करने वाले रणवीर कई बड़ी हिट फिल्में दे चुके हैं। इसमें रामलीला से लेकर पद्मावत जैसी फिल्में शामिल हैं।


एक्टर बनना ही चाहते थे रणवीर
रणवीर का जन्म 6 जुलाई, 1985 को मुंबई में हुआ था। रणवीर सिंह का पूरा नाम रणवीर भवनानी है। रणवीर सिंह ने अपना ये सरनेम नाम के आगे से इसलिए हटा दिया क्योंकि ये काफी लंबा हो रहा था और इसकी जगह अपने नाम के आगे सिंह जोड़ लिया। रणवीर बचपन से ही एक्टर बनना चाहते थे उन्होंने खुद इस बात का खुलासा अपने कई इंटरव्यूज में किया है। रणवीर ने मिड डे को दिए इंटरव्यू में कहा, 'मैं जानता था कि मैं स्टेज पर परफॉर्म करने के लिए ही बना हूं और मैं एक्टिंग को मजे से करता हूं कोई बोझ समझ कर नहीं। मैं जब भी टीवी देखता था तो एक्टर्स की एक्टिंग देख कर मेरे अंदर का अभिनेता भी जाग उठता था।'


बन गए सबके चहेते सुपरस्टार
रणवीर सिंह ने अपनी पढा़ई पूरी करने के बाद मुंबई आने का फैसला लिया और बतौर असिस्टेंट डाइरेक्टर काम भी किया। इस दौरान रणवीर मुंबई के कई थियेटरों में अभिनय भी किया करते थे। रणवीर घर से मन बना कर निकले थे कि उन्हें मुंबई में जा कर फिल्मों में ही काम करना है टीवी में नहीं। यही वजह है कि रणवीर लगातार मेहनत करते गए और आज इस समय बाॅलीवुड के सबसे चहेते स्टार बन गए हैं।
फिल्म 83 का कर रहे इंतजार
रणवीर सिंह अब बॉलीवुड के बडे़ एक्टर्स में शुमार हैं। फिल्म 'रामलीला', 'बाजीरावा मस्तानी' और 'पद्मावत' में दमदार अभिनय के लिए उन्हें बहुत सराहना मिली। इसके बाद सिंबा और गली ब्वाॅय में भी रणवीर ने खूब तारीफ बटोरी। फिलहाल यह एक्टर अपनी अपकमिंग फिल्म '83' का इंतजार कर रहा, जो इस साल अप्रैल में रिलीज होने वाली थी मगर कोरोना के चलते इसकी रिलीज डेट टल गई। अब यह फिल्म क्रिसमस पर रिलीज होगी।

Bollywood News inextlive from Bollywood News Desk