कानपुर (इंटरनेट डेस्क)। Happy Birthday Shraddha Kapoor 3 मार्च 1987 को मुंबई में जन्मीं श्रद्धा कपूर आज फिल्म इंडस्ट्री का जाना-पहचाना नाम हैं। श्रद्धा को फिल्म इंडस्ट्री में करीब 10 साल पूरे हो गए हैं। उन्होंने 2010 में तीन पत्ती के साथ फिल्मी करियर की शुरुआत की। श्रद्धा के करियर में काफी उतार-चढ़ाव रहा। उनकी फिल्में हिट भी रहीं और फ्लाॅप भी। आइए जानें उनके करियर के बारे में।

करियर की शुरुआत रही खराब
बाॅलीवुड में नेपोटिज्म को लेकर काफी विवाद रहता है। बडे़ सितारों के बच्चे बड़ी-बड़ी फिल्मों में लाॅन्च होते हैं। मशहूर एक्टर शक्ति कपूर की बेटी श्रद्धा कपूर को बड़े बजट की नहीं, मगर अमिताभ जैसे बड़े स्टार के साथ उन्हें डेब्यू का मौका मिला। फिल्म का नाम तीन पत्ती था। इस फिल्म को बहुत पसंद किया गया। मगर श्रद्धा कपूर को वह पहचान दिलाने में असफल रहीं, जिसकी उन्हें उम्मीद थी। ऐसा ही उनकी दूसरी फिल्म लव का द एंड के साथ भी हुआ। श्रद्धा को बॉलीवुड में अपनी पहचान बनाने में कुछ समय लगा।

'आशिकी 2' से बनीं स्टार
साल 2013 में आई फिल्म 'आशिकी 2' ने श्रद्धा का करियर पूरी तरह से बदल दिया। मोहित सूरी द्वारा निर्देशित 'आशिकी 2' में श्रद्धा ने एक सिंगर की भूमिका निभाई। फिल्म में श्रद्धा के अपोजिट आदित्य राॅय कपूर थे। दोनों की केमिस्ट्री सुपरहिट रही। इसके अलावा फिल्म के गानों ने फैंस के दिलों पर राज किया। 'आशिकी 2' के हिट होने के बाद श्रद्धा ने पीछे मुड़कर नहीं देखा। उन्होंने 'एक विलेन', 'हैदर', 'एबीसीडी' और 'बागी' जैसी लगातार चार सफल फिल्में दी।

फिर से लगा झटका
फिल्मों में लगातार सफल हो रही श्रद्धा को फिर एक झटका लगा। उनकी फिल्में 'रॉक ऑन 2', 'ओके जानू' और 'हसीना पारकर' उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाई। ओके जानू की बात करें तो यह अभी भी उनकी सबसे फ्लाॅप फिल्मों में से एक है। आशिकी 2 के विपरीत, यह रोमांस वास्तविकता के करीब था जिसमें उन्होंने आदित्य रॉय कपूर के साथ फिर से जोड़ी बनाई। मगर फिल्म लोगों को पसंद नहीं आई।

आखिर में की जबरदस्त वापसी
साल 2018 में श्रद्धा ने हॉरर-कॉमेडी फिल्म 'स्त्री' के साथ जबरदस्त वापसी की। इस फिल्म को अमर कौशिक ने निर्देशित किया था। फिल्म में काफी सस्पेंस था। राजकुमार राव इस फिल्म का हिस्सा थे। उनके साथ श्रद्धा की जोड़ी काफी हिट रही। फिल्म की कहानी जबरदस्त थी। उम्मीद है कि इसका दूसरा पार्ट भी आएगा। 2019 में श्रद्धा ने 'छिछोरे' फिल्म में काम किया, जिसमें वह दिवंगत एक्टर सुशांत सिंह राजपूत के साथ नजर आई। फिल्म हिट साबित हुई। इसके बाद श्रद्धा ने बागी 3 में काम किया, जो भी काफी पसंद की गई।

Bollywood News inextlive from Bollywood News Desk