कानपुर (इंटरनेट डेस्क)। Happy Women's Day 2021 Special: फिल्में समाज का आईना कही जाती हैं। बाॅलीवुड में अब तक तमाम ऐसी फिल्में बनी हैं जिन्होंने महिलाओं के जीवन के उन पहलुओं को उजागर किया है जिन्हें समाज दरकिनार करता है। इन फिल्मों में महिलाओं को सामाजिक मान्यताओं को तोड़ते हुए एक नए समाज का निर्माण करते हुए देखा जा सकता है। ऐसी वूमेन इंपाॅवरमेंट बेस्ड फिल्मों में मदर इंडिया, लज्जा, दामिनी, अर्थ और चांदनी बार जैसी फिल्में शामिल हैं।

मदर इंडिया
मदर इंडिया भारतीय सिनेमा के प्रारंभिक युग से आने वाली एक क्लासिक फिल्म है। यह अपने समय की एक पाथ-ब्रेकिंग फिल्म है। यह फिल्म नरगिस दत्त की सबसे प्रभावशाली और शानदार प्रदर्शन वाली फिल्म मानी जाती है। इस फिल्म में वह राधा नाम की एक ग्रामीण न्याय प्रिय महिला के किरदार में हैं जो अपने दो बेटों को पालने के लिए तमाम कठिनाइयों का सामना करती है। वह इंसाफ के लिए गलत रास्ते पर जा रहे अपने बेटे की जान लेने से भी पीछे नहीं हटती।

अर्थ
महेश भट्ट के डायरेक्शन में बनी इस अर्थ फिल्म में मुख्य किरदार में शबाना आजमी हैं। शबाना इसमें कुलभूषण खरबंदा की वाइफ के रोल में हैं। कुलभूषण उनके साथ धोखा करके दूसरी औरत स्मिता पाटिल के साथ रनहे लगता है। फिल्म में यह दिखाने की कोशिश की गई है कि कैसे ये औरत अपने दम पर अपनी लाइफ और खुशियों को संभालते हुए इंडिपेंडेंट बन जाती है और पति के पास वापस आने से इंकार कर देती है।

दामिनी
वूमेन इंपाॅवरमेंट को शो करती फिल्मों में मीनाक्षी शेषाद्री की फिल्म दामिनी का नाम न लेना बेमानी होगी। दामिनी एक महिला की सच्चाई की लड़ाई की कहानी है। दामिनी की शादी एक अमीर परिवार में होती है। यहां पर वह अपने उस जेठ के खिलाफ खड़ी हो जाती है जो घर की नौकरानी के साथ दुष्कर्म करता है। दामिनी के इस फैसले का पूरा परिवार उसका विरोध करता है। इसकी वजह से उसे घर तक छोड़ना पड़ता है। दामिनी को न्याय की इस लड़ाई में वकील सनी देयोल मदद करता है।

लज्जा
मल्टीस्टारर फिल्म लज्जा भी काफी चर्चित रही है। यह फिल्म भी वूमेन इंपाॅवरमेंट को शो करती है और भारतीय समाज में महिलाओं के प्रति किए जा रहे दुर्व्यवहार और अन्याय को भली प्रकार से बयां करती है। फिल्म में एक्ट्रेस रेखा, माधुरी दीक्षित, मनीषा कोइराला और महिमा चौधरी ने अलग अलग परिस्थितियों से जूझ रही अलग-अलग उम्र की महिलाओं के रोल बखूबी निभाए हैं। महिलाओं के सामने आने आने वाली परिस्थितियों की दर्द भरी कहानी है।

चांदनी बार
चांदनी बार उन महिलाओं की कहानी को उजागर करती हैं जो मुंबई में अंडरवर्ल्ड, प्रॉस्टीट्यूशन, डांस बार और क्राइम वर्ल्ड में फंस जाती हैं। डायरेक्टर मधुर भंडारकर की यह फिल्म क्राइम ड्रामा कही जाती है। फिल्म में अभिनेत्री तब्बू ने दमदार रोल किया है। वह मुमताज की भूमिका में हैं जो अपने बच्चों को बेहतर भविष्य देने के लिए कड़ी मेहनत करती हैं। हालांकि यहां परिस्थितियां उसके खिलाफ होती हैं।

Bollywood News inextlive from Bollywood News Desk